Mohammed Siraj: भारतीय टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज हाल ही में दलीप ट्रॉफी 2026 में खेलते नजर आए थे। सिराज ने साउथ जोन का प्रतिनिधित्व किया था लेकिन उनकी टीम को खिताबी मैच में ईस्ट जोन से हार मिली थी।
अब इस तेज गेंदबाज को क्रिकेट बोर्ड ने आगामी प्रतियोगिता के लिए टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। यह दूसरा मौका है, जब ये स्टार गेंदबाज अपने गृह राज्य की टीम का नेतृत्व करता नजर आएगा।
HCA ने बनाया कप्तान
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को रणजी ट्रॉफी 2026-27 के लिए हैदराबाद क्रिकेट संघ (HCA) ने कप्तान बनाया है। सिराज आगामी सीजन में हैदराबाद की टीम को लीड करते नजर आएंगे। वहीं, तेज गेंदबाज चामा मिलिंद को उप कप्तान बनाया गया है।
पिछले सीजन मोहम्मद सिराज को एचसीए ने पहली बार राहुल सिंह की जगह हैदराबाद का कप्तान बनाया गया था। हालांकि, उनकी कप्तानी में टीम दोनों मैच नहीं जीत सकी थी। राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम पर खेले मैच में मुंबई ने हैदराबाद को 9 विकेट पराजित किया था। जबकि दूसरे मैच में जिमखाना ग्राउंड पर छत्तीसगढ़ के खिलाफ मैच ड्रॉ रहा था।
श्रीलंका सीरीज में रहे थे फ्लॉप
श्रीलंका के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में मोहम्मद सिराज का प्रदर्शन बेहद साधारण था। प्रमुख गेंदबाज की भूमिका निभा रहे सिराज ने 2 टेस्ट की 4 पारियों में सिर्फ 4 विकेट लिए थे। श्रीलंका टेस्ट सीरीज के बाद सिराज ने दलीप ट्रॉफी 2026 में शिरकत की और साउथ जोन के लिए 1 मैच खेला।
हालांकि, वह सिर्फ 1 विकेट ही निकाल पाए। वहीं, पिछले कुछ समय से सिराज की गेंदबाजी स्पीड में भी गिरावट देखने को मिली थी। सिराज आमतौर पर 138 से 140 किमी/घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी किया करते थे लेकिन पिछले कुछ समय से उनकी स्पीड घटकर 130 किमी/घंटा हो गई है।
रणजी ट्रॉफी में होगी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
श्रीलंका दौरे से वापस लौटने के बाद मोहम्मद सिराज ने आराम करने की बजाय घरेलू मुकाबले खेलने का फैसला किया था। अब सिराज के पास रणजी ट्रॉफी 2026-27 में अपनी फॉर्म हासिल करने का शानदार मौका होगा, क्योंकि उसी के आधार पर सिराज का चयन न्यूजीलैंड दौरे के लिए किया जा सकता है, जहां टीम इंडिया को दो टेस्ट, पांच वनडे और इतने ही टी20 इंटरनेशनल खेलने हैं।
सिराज के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी पुरानी स्पीड को वापस पाने की होगी। हालांकि, तेज गेंदबाज ने अपनी स्पीड में गिरावट के पीछे की वजह लंबे ब्रेक को बताया। सिराज ने कहा कि जब भी उन्हें लंबा ब्रेक मिलता है तो उनका रन-अप खराब हो जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपनी लय पर अधिक निर्भर रहने वाले गेंदबाज हैं।
ये भी पढ़ें- पूर्व पाकिस्तानी कप्तान ने PCB को सुनाई खरी-खोटी, बोले- हमने एक भी बल्लेबाज तैयार किया है?