पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने इंडियन प्रीमियर लीग और पाकिस्तान सुपर लीग की तुलना करते हुए भारत के 15 वर्षींय युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी का जिक्र किया। वैभव ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए लीग में सर्वाधिक रन ठोक दिए थे।
दुनिया की सबसे बड़ी लीग मानी जाने वाली आईपीएल में वैभव ने 16 मैच खेले थे, जिसमें उनके बल्ले से 776 रन निकले थे। इसी प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने वैभव की उम्र को दरकिनार करते हुए इंग्लैंड, आयरलैंड और जिम्बाब्वे दौरे पर मौका दिया।
वसीम अकरम ने की पीएसएल की आलोचना
पूर्व कप्तान और सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज वसीम अकरम आईपीएल और पीएसएल दोनों लीग्स में अपनी सेवाए दे चुके हैहं और व्यापक अनुभव रखते हुए उन्होंने पीएसएल की इस बात की आलोचना की कि आईपीएल में जिस तरह से खिलाड़ियों को उठाया जा रहा है और इंटरनेशनल मंच पर अवसर मिल रहे हैं उसके उलट पीएसएल में इस तरह का कुछ देखने को नहीं मिल रहा है। अकरम साल 2010 से 2017 तक कोलकाता नाइट राइडर्स के बॉलिंग कोच और मेंटर के रूप में काम किया और फ्रेंचाइजीज को दो आईपीएल खिताब जीतने में मदद की।
PSL कितने बल्लेबाज तैयार किए- अकरम
आईपीएल के अलावा वसीम अकरम पाकिस्तान सुपर लीग की इस्लामाबाद यूनाइटेड, मुल्तान सुल्तांस और कराची किंग्स की कोचिंग स्टाफ का हिस्सा रहे हैं। साथ ही वह मेंटॉर की भूमिका में दिख चुके हैं। उन्होंने यूट्यूबर फुरकान भट्टी के साथ एक इंटरव्यू में कहा,
"पीएसएल शुरू हुए 10 साल हो गए हैं, लेकिन क्या पीएसएल ने एक भी बल्लेबाज तैयार किया है? हां, हमने कुछ गेंदबाज तो तैयार किए हैं, लेकिन बताइए क्या हमने बल्लेबाजी में कोई उल्लेखनीय प्रतिभा पैदा की है? मुझे लगता है कि जब हम 14 साल की सूर्यवंशी जैसी बल्लेबाजी प्रतिभा तैयार करेंगे, तभी हमें सुधार देखने को मिलेगा।"
क्लब क्रिकेट में करना होगा सुधार
पाकिस्तान का घरेलू क्रिकेट सर्किल हमेशा से विवादों में रहा है। पाकिस्तान चयन समिति बेहद कम खिलाड़ियों को प्रथम श्रेणी या लिस्ट-ए के प्लेयर्स को आगे बढ़ाती है, जबकि पीएसएल में अच्छा प्रदर्शन करने वाला प्लेयर इंटरनेशनल क्रिकेट डेब्यू कर जाता है। इसको लेकर पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा,
"अगर हम लाल गेंद से होने वाले क्रिकेट में सुधार चाहते हैं तो क्लब क्रिकेट को पुनर्जीवित करना होगा। पीसीबी को कराची और लाहौर दोनों में 100 मिलियन रुपये खर्च करने चाहिए, क्योंकि प्रतिभा क्लब क्रिकेट से ही आती है।"
पाकिस्तान के रेड बॉल क्रिकेट के हालिया प्रदर्शन की बात करें तो इस समय पाकिस्तानी टीम इंग्लैंड में खेल रही है, जहां शुरुआती दो मैचों में टीम को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, बर्मिंघम टेस्ट में भी पाकिस्तानी टीम पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
ये भी पढ़ें- ओपनिंग संजू, चौथे पर श्रेयस, अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 मैच से पहले पूर्व खिलाड़ी ने दी खास सलाह