Ishan Kishan: भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन इस समय दलीप ट्रॉफी 2026 में ईस्ट जोन की कप्तानी कर रहे हैं। उनकी अगुवाई वाली टीम ने खिताबी मुकाबले में साउथ जोन के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 708 रन का विशालकाय स्कोर खड़ा किया था। इसमें अकेले ईशान ने 270 रन की जबरदस्त पारी खेली थी। इसी मैच में ईशान का बड़ा दिल भी देखने को मिला। जब वह फील्डिंग करने के लिए मैदान पर उतरे आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस की जर्सी साइन करते दिखे।
ईशान ने दिखाया बड़ा दिल
दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल मैच इस समय चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच में जब ईशान किशन क्षेत्ररक्षण करने उतरे तो बाउंड्री के पास वह मौजूद थे। उस समय वहां पर खड़े दर्शकों ने ईशान से ऑटोग्राफ की मांग की और वह वहां पहुंच गए। इस दौरान कुछ फैंस ने ईशान का ऑटोग्राफ चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी पर लिया और ईशान ने भी बिना किसी हिचकिचाहट के उसपर अपना ऑटोग्राफ दे दिया। आपको बताते दें कि, ईशान किशन आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हैं।
चेन्नई में ईशान का जलवा
ईस्ट जोन की कप्तानी कर रहे ईशान किशन मुश्किल परिस्थितियों में बल्लेबाजी करने उतरे थे। उनकी टीम ने 147 पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे, लेकिन यहां से ईशान ने मोर्चा संभाला और अपनी टीम को 708 के स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
इस मैच में कप्तान के बल्ले से 334 गेंदों पर 270 रन की शानदार पारी देखने को मिली थी, जिसमें 30 चौके और 7 छक्के निकले थे। पहली पारी में ईशान ने कुमार कुशाग्र के साथ 5वें विकेट के लिए 290 गेंदों पर 230 रन की साझेदारी की थी। वहीं, अनुकूल रॉय के साथ कप्तान ने 140 रन की पार्टनरशिप की तो शिखर मोहन के साथ तीसरे विकेट के लिए 94 रन जोड़े थे।
ईस्ट जोन की स्थिति मजबूत
दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल मैच इस समय ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में ईस्ट जोन ने पहले बैटिंग करते हुए 708 रन का विशालकाय स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में साउथ जोन की टीम ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 242/6 रन बना लिए हैं।
हालांकि, साउथ जोन पहली पारी में ईस्ट जोन के स्कोर से 466 रन पीछे हैं। इस मैच में ईस्ट जोन की जीत पक्की मानी जा रही है, क्योंकि अगर ये मैच ड्रॉ भी होता है, तब भी नियमों के मुताबिक, ईस्ट जोन को विजेता घोषित किया जाएगा। आपको बता दें कि मैच ड्रॉ होने की स्थिति में पहली पारी में सर्वाधिक रन बनाने वाली टीम को विजेता घोषित किया जाता है।
ये भी पढ़ें- वनडे-टी20 के बाद ईशान की टेस्ट टीम पर नजर, 2 खिलाड़ियों की बढ़ी मुश्किलें!