Imam-ul-Haq injury: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की सिलेक्शन कमेटी के एक सीनियर सदस्य ने सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक की पिंडली की चोट की गंभीरता पर सवाल उठाया है और लॉर्डस में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान की 194 रनों की हार के दौरान सलामी बल्लेबाज के दोनों पारियों में बल्लेबाजी न करने के बाद जांच की मांग की है।
पाकिस्तान की चार सदस्यीय चयन समिति के सदस्य आकिब जावेद ने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) इस बात की जांच करेगा कि मैच के दौरान चोट लगने के बाद इमाम का इलाज कैसे किया गया।
इमाम की चोट की होगी जांच
इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान मैच की दोनों पारियों में इमाम-उल-हक बल्लेबाजी के लिए नहीं आए थे, जिससे कई तरह के सवाल उठने लगे। वहीं, समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, मंगलवार रात को प्रसारित एक इंटरव्यू के दौरान आकिब जावेद ने पाकिस्तान के निजी न्यूज चैनल जियो टीवी को बताया,
"इस मामले की जांच की जाएगी।" जावेद ने सवाल उठाया कि कोई खिलाड़ी मांसपेशियों में चोट के कारण दोनों पारियां कैसे छोड़ सकता है। "मांसपेशी में खिंचाव आने के बावजूद आप दोनों पारियों में बल्लेबाजी करने क्यों नहीं आ पाए, यह कैसे संभव है?" अब देखना होगा कि जांच में क्या निकलकर आता है।
चोटें लगना आम बात है- आकिब जावेद
पाकिस्तानी चयन समिति के सदस्य आकिब जावेद ने आगे कहा, "चोटें लगना आम बात है और हमने अतीत में ऐसे उदाहरण देखे हैं जहां खिलाड़ी प्लास्टर लगे होने के बावजूद मैदान पर उतरे और कोशिश की। यह मामला अलग है। यह बेहद चिंता का विषय है और इस संबंध में कार्रवाई की जाएगी।"
बता दें कि, लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन क्षेत्ररक्षण के दौरान इमाम की पिंडली में चोट लग गई थी और उन्होंने आगे मैच में हिस्सा नहीं लिया। वहीं, पूर्व मुख्य चयनकर्ता मोहम्मद वसीम ने भी इमाम की गैरमौजूदगी पर सवाल खड़े किए।
हालांकि, लॉर्ड्स टेस्ट के चौथे दिन का खेल शुरू होने से पूर्व सलामी बल्लेबाज मैदान पर नजर आए। उन्हें बाएं पैर की पिंडली पर भारी पट्टी बांधे बल्लेबाजी करते देखा गया था, लेकिन वह स्पष्ट रूप से लंगड़ा रहे थे।