Kevin Pietersen: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 से पहले इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने अपने दल में पूर्व कप्तान को शामिल किया है। इस पूर्व कप्तान का करियर 12 साल पहले 2014 में विवादित ढंग से समाप्त हो गया लेकिन क्रिकेट बोर्ड को एक बार फिर उनकी याद आई है।
यह खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज केविन पीटरसन हैं, जिनको इंग्लैंड क्रिकेट की व्हाइट बॉल टीम में एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह फैसला आगामी वनडे वर्ल्ड कप 2027 को देखते हुए लिया गया है।
केविन पीटरसन को मिली बड़ी जिम्मेदारी
इंग्लैंड के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज केविन पीटरसन को श्वेत गेंद क्रिकेट के लिए टीम का स्पेशलिस्ट मेंटर बनाया गया है। पीटरसन का इंटरनेशनल करियर 2014 में विवादों के बीच समाप्त हो गया था। 12 साल बाद वह ब्रेंडन मैकुलम के कोचिंग स्टाफ के हिस्से के रूप में इंग्लैंड टीम में वापसी करने के लिए तैयार हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नवंबर में खेली जाने वाली वनडे सीरीज से पीटरसन अपने नए करियर की शुरुआत करते दिख सकते हैं।
पीटरसन ने नई जिम्मेदारी मिलने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि वह इस बात से खुश हैं कि आगामी एकदिवसीय विश्व कप 2027 की ट्रॉफी जीतने के लिए उनसे मदद मांगी गई। 2024 के बाद पहली बार इंग्लैंड की जर्सी पहनना मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है। वहीं, हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम ने भी उनका स्वागत किया।
हमारे पास प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की टीम- पीटरसन
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने टीम में नई जिम्मेदारी मिलने पर कहा,
"हमारे पास प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से भरी एक बेहतरीन व्हाइट-बॉल टीम है, और मैं इन खिलाड़ियों के साथ मिलकर उनकी पूरी क्षमता को निखारने के लिए अथक परिश्रम करने को लेकर उत्साहित हूं। अगले 12 महीनों तक ब्रेंडन मैकुलम की टीम का हिस्सा बनना एक शानदार अवसर है, और मैं जल्द से जल्द काम शुरू करने के लिए उत्सुक हूं।"
आपको बताते दें कि, अगले साल नवंबर 2027 में साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है।
शानदार रहा है पीटरसन का करियर
इंग्लैंड के लिए केविन पीटरसन का करियर बेहद कमाल का रहा है। उन्होंने इंग्लिश टीम के लिए 104 टेस्ट खेले हैं, जिसमें 47.28 की शानदार औसत से 8181 रन बनाए हैं। पीटरसन लाल गेंद के खेल में 23 शतक और 35 अर्धशतक ठोक चुके हैं। इसके अलावा एकदिवसीय प्रारूप में उन्होंने 136 मैच खेले हैं, जिसकी 125 पारियों में उनके नाम 40.73 की औसत से 4440 रन दर्ज हैं।
इस दौरान उनके बल्ले से 9 शतक और 25 अर्धशतक देखने को मिले हैं। आपको बताते दें कि, 2014 में पीटरसन को इंग्लैंड क्रिकेट टीम से बाहर निकाल दिया गया था, जबकि उनपर एक अहंकारी और स्वार्थी व्यक्ति होने के आरोप लगे थे। लेकिन, अब वहीं इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड पीटरसन को वापस बुलाने को तैयार है।
ये भी पढ़ें- भारत की सबसे मुश्किल मैराथन में गई धावक की जान, दौड़ते समय हुई थी बैचनी, अचानक आया हार्ट अटैक