ENG vs PAK 3rd Test Highlights: इंग्लैंड ने बर्मिंघम टेस्ट में पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर सीरीज को 3-0 से अपने नाम कर लिया है। बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले गए मैच में पाकिस्तान ने दूसरी पारी में 449 रन बनाए थे लेकिन पहली पारी में पिछड़ने के बाद इंग्लैंड को 130 रन का लक्ष्य मिला।

इस मामूली टारगेट को मेजबानों ने 24.2 ओवर में 2 विकेट गंवाकर आसानी से हासिल कर लिया है। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही थी। टीम मे शून्य के स्कोर पर दोनों ओपनर के विकेट गंवा दिए थे लेकिन जॉर्डन कॉक्स और कप्तान जो रूट की जोड़ी ने टीम को आसानी से जीत की दहलीज पार करवा दी।

133 रन पर सिमट गई थी पाकिस्तान

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर मेहमान को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था लेकिन पाकिस्तान की पहली पारी सिर्फ 133 रन पर सिमट गई। फर्स्ट इनिंग में सऊद शकील (43) को छोड़कर अन्य कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में जोश टंग ने सर्वाधिक 4 विकेट झटके।

इसके बाद इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में स्कोर बोर्ड पर 453 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया था। पहली पारी में इंग्लैंड की ओर से ओपनर एमिलियो गे (60), हैरी ब्रूक (75), डैन लॉरेंस (65), जेमी स्मिथ (69) और ओली रॉबिन्सन (50) ने अर्धशतकीय पारी खेली थी। वहीं, रजाउल्लाह ने पहली पारी में 4 विकेट झटके।

दूसरी पारी में शानदार वापसी

पहली पारी में शर्मनाक बल्लेबाजी करने के बाद पाकिस्तान की दूसरी पारी की शुरुआत भी निराशाजनक रही। दूसरी इनिंग में ओपनर साइम अयूब और अब्दुल्ला शफीक बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। यहां से लग रहा था कि एक बार फिर पाकिस्तानी पारी ताश के पत्तों की तरह ढह जाएगी, लेकिन पूर्व कप्तान शान मसूद और अजान अवैस ने तीसरे विकेट के लिए 125 रन की शतकीय साझेदारी की।

हालांकि, अवैस 59 के व्यक्तिगत स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद मसूद ने कप्तान बाबर आजम के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी की, लेकिन शतक से 5 रन पहले शान 95 के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट हो गए।

इसके बाद बाबर भी 76 रन बनाकर चलते बने। रज़ाउल्लाह ने फिर 9वें नंबर पर आकर 63 गेंदों पर तेज तर्रार 81 रन बनाए तो मोहम्मद अब्बास के बल्ले से 67 गेंदों पर 42 रन निकले। बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान दूसरी पारी में 449 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रहा।

3-0 से जीता इंग्लैंड

449 रन बनाने के बावजूद पाकिस्तान इंग्लैंड को सिर्फ 130 रन का लक्ष्य दे सकी। शुरुआत में मोहम्मद अब्बास ने इंग्लैंड के दोनों ओपनर को पहले ही ओवर में शून्य के स्कोर पर चलता कर दिया था।

इसके बाद जॉर्डन कॉक्स और कप्तान जो रूट ने तीसरे विकेट के लिए 143 गेंदों पर अटूट 128 रन की साझेदारी कर अपनी टीम को जीत की दहलीज के पार पहुंचाया और सीरीज को 3-0 से जीत लिया। बता दें कि, सभी तीन मैचों में इंग्लैंड का दबदबा पूरी तरह से देखने को मिला था।

6 पारियों में सिर्फ 1 बार पाकिस्तान की टीम 200 का आंकड़ा पार करने में कामयाब रही थी। इस सीरीज के लिए इंग्लैंड की ओर से प्लेयर ऑफ द सीरीज ऑली रॉबिन्सन रहे, जिन्होंने 21 विकेट और बल्ले से 50 रन बनाए। वहीं, पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद अब्बास को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। अब्बास ने 13 विकेट और बल्ले से 86 रन बनाए थे।

ये भी पढ़ें- दलीप ट्रॉफी 2026 खत्म होते ही चमकी मोहम्मद सिराज की किस्मत, चयनकर्ताओं ने बना दिया कप्तान