Ajit Agarkar: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 3 सितंबर, गुरुवार को मुंबई में एक मीटिंग रखी थी, जिसमें बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया, मुख्य कोच गौतम गंभीर, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण मौजूद थे।
इनके अलावा वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल और टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई थी, लेकिन मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर इस बैठक का हिस्सा नहीं थे। इसके बाद सवाल उठने लगे हैं कि क्या अब बीसीसीआई उनके कार्यकाल को आगे बढ़ाने पर विचार नहीं कर रही है।
मीटिंग से गायब थे चीफ सिलेक्टर
मीटिंग से पहले खबरें थीं कि चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर भी इस बैठक का हिस्सा बन सकते हैं, लेकिन वह इस मीटिंग में हिस्सा लेने नहीं पहुंचे। उनकी गैरमौजूदगी के बाद कई तरह के सवाल उठने लगे हैं।
बीसीसीआई ने भी उनके कार्यकाल को आगे बढ़ाने की कोई सुचना नहीं दी है। ऐसे में माना जा रहा है कि अब बीसीसीआई भी अगरकर की जगह दूसरे चयनकर्ता की तरफ देखना चाह रही है।
बता दें कि, सितंबर 2026 में अजीत अगरकर का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। मीटिंग के बाद जब बीसीसीआई सचिव से अगरकर के करार को आगे बढ़ाने पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने यह कहकर जवाब देने से इनकार कर दिया कि यह रिव्यू मीटिंग थी और इसमें चयन समिति को लेकर किसी प्रकार की चर्चा नहीं की गई है।
BCCI-अगरकर के बीच नहीं कुछ ठीक
पिछले कुछ समय से बीसीसीआई और अजीत अगरकर के बीच मनमुटाव की खबरें सामने आ रही थीं और यह रोहित शर्मा को लेकर था। दरअसल, इंग्लैंड दौरे पर खेली गई वनडे सीरीज के दौरान ही चयन समिति ने भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को बता दिया था कि इस सीरीज के बाद वह उनकी ओर नहीं देख रही है और लॉर्ड्स वनडे उनके करियर का आखिरी होगा।
इसके बाद रोहित ने इसी मैच में शानदार सैकड़ा ठोका था और फिर बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने आकर कहा था कि रोहित शर्मा कहीं नहीं जा रहे हैं। वह आगे के प्लान का हिस्सा हैं। इसके बाद खबरें आईं कि रोहित शर्मा की वजह से चयन समिति अध्यक्ष और बीसीसीआई आमने-सामने आ चुकी है।
2027 तक कार्यकाल बढ़ने की थी उम्मीद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अजीत अगरकर वनडे वर्ल्ड कप 2027 तक मुख्य चयनकर्ता के पद पर रहना चाहते थे, लेकिन रिव्यू मीटिंग में नहीं आने के बाद साफ हो गया है कि बीसीसीआई और अगरकर के बीच कुछ ठीक नहीं है।
हालांकि, एक रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि अजीत अगरकर इस मीटिंग के दौरान शहर से बाहर थे और उनका वर्चुअल तौर पर भी जुड़ना मुश्किल था। अब इसमें कितनी सच्चाई है, इसका पता अजीत अगरकर के कार्यकाल खत्म होने के बाद ही पता चलेगा।
ये भी पढ़ें- BCCI सचिव ने कर दिया फाइनल फैसला, जानें Rohit Sharma 2027 वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं