Sam Bodoano: क्रिकेट में आपने रन, गेंद या अन्य कई रिकॉर्ड्स के बारे में सुना होगा, लेकिन आज हम आपको एक ऐसे विश्व कीर्तिमान के बारे में बताने वाले हैं, जिसके बारे में आपने शायद ही सुना हो।

दरअसल, एक गेंदबाज ने सिर्फ एक गेंद डालने के लिए 100 किलोमीटर लंबा रन अप लिया और फिर जाकर अपनी पहली गेंद फेंकी। जैसे ही गेंदबाज ने बल्लेबाज की ओर गेंद को फेंका तो वह एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया। चलिए आपको बताते हैं कि यह अजीबोगरीब रिकॉर्ड किस गेंदबाज ने और कब बनाया है।

इंग्लिश प्लेयर ने बनाया रिकॉर्ड

आमतौर पर एक तेज गेंदबाज का रन-अप 20 से 25 कदमों का होता तो स्पिनर 5 से 7 कदम का रन-अप लेकर अपनी गेंद फेंकता है। लेकिन, इंग्लैंड के रहने वाले स्थानीय खिलाड़ी सैम बोडोआनो ने 100 किलोमीटर की दौड़ लगाकर अपनी पहली गेंद फेंकी।

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, सैम ने शनिवार को नॉर्दन लंदन में स्थित ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड से अपनी अनोखी चुनौती शुरू की और करीब 14 घंटे की दौड़ लगाकर रविवार को वोकिंग स्थित वैली एंड क्रिकेट क्लब पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद क्रीज पर उनके पिता बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने अपने पिता को गेंद डालकर अपनी अनोखी गेंदबाजी का अंत किया।

सैम के सामने आईं कई चुनौतियां

यह चैलेंज पढ़ने में जितना सरल लग रहा है, हकीकत में इससे काफी कठिन था। दरअसल, उनकी 100 किलोमीटर की दौड़ में कई चुनौतियां थीं। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के नियमों के अनुसार, सैम को दौड़ते समय अपने हाथ में क्रिकेट की गेंद रखनी थी और पूरे सफेद कपड़ों में दौड़ना था, जो क्रिकेट के असली कपड़े होते हैं। इसके बाद दौड़ पूरी करने वाली पहली गेंद फेंकते समय आधिकारिक मैच होना जरूरी था।

इसमें अंपायर, स्कोरर और दोनों टीमों से 11-11 खिलाड़ी भी नियम की शर्तों में शामिल थे। सैम ने इस चुनौती को स्वीकार किया और 100 किलोमीटर दौड़कर सफलतापूर्वक अपनी गेंद फेंकी। हालांकि, अभी तक उनके नाम यह रिकॉर्ड दर्ज नहीं हुआ है, क्योंकि अभी सभी सबूतों, दस्तावेजों की जांच होगी। इस प्रक्रिया में करीब दो सप्ताह का समय लगता है।

द रूथ स्ट्रॉस फाउंडेशन के लिए जुटाई राशि

सैम बोडोआनो ने यह कारनामा अपने व्यक्तिगत कारणों से नहीं किया था, बल्कि उन्होंने यह इसलिए किया, क्योंकि इस चुनौती के जरिए वह कैंसर पीड़ितों के लिए फंड जुटा रहे थे। उन्होंने इसके जरिए द रूथ स्ट्रॉस फाउंडेशन के लिए 6 हजार पाउंड की राशि जुटाई, जो कैंसर से पीड़ित लोगों के लिए यूज की होगी । बता दें कि, इससे पहले क्रिकेट में सबसे लंबे बॉलिंग रन-अप का रिकॉर्ड मेन्स कैटेगिरी में टॉम डन के नाम दर्ज था।

उन्होने अगस्त 2024 में ईस्ट लंदन के बेथनल ग्रीन से साउथ लंदन के वैंड्सवर्थ कॉमन तक करीब 24 किलोमीटर की दूरी तय करके गेंद फेंकी थी। जबकि सैम को भी टॉम की वीडियो देखने के बाद ही यह विचार आया। अब सभी की निगाहें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की अंतिम जांच पर है।

आपको बताते दें कि, रूथ स्ट्रॉस फाउंडेशन (Ruth Strauss Foundation)  की स्थापना इंग्लैंड के पूर्व कप्तान सर एंड्रयू स्ट्रास ने साल 2019 में अपनी पत्नी रूथ स्ट्रॉस की याद में की थी।

ये भी पढ़ें- दलीप ट्रॉफी 2026 फाइनल से पहले तीन खिलाड़ी हो सकते हैं बाहर, ईस्ट जोन को होगा तगड़ा नुकसान