प्यार में वफा और इंतजार की कई कहानियां आपने सुनी होंगी, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो लोगों को भावुक कर रहा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि एक युवक ने अपनी प्रेमिका के कोमा में रहने के दौरान सात साल तक उसका इंतजार किया। जैसे ही लड़की को होश आया, युवक ने उसके माथे पर सिंदूर लगाकर अपनी मोहब्बत का इजहार किया। इस वीडियो को देखकर लोग इसे सच्चे प्यार और समर्पण की मिसाल बता रहे हैं।

7 साल तक प्रेमिका के लौटने का किया इंतजार

वायरल वीडियो में एक लड़की अस्पताल के बेड पर लेटी नजर आ रही है। उसके सिर पर लाल रंग की चुनरी दिखाई देती है। इसी दौरान एक युवक उसके पास आता है और उसकी मांग में सिंदूर भरता नजर आता है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि लड़की सात साल तक कोमा में रही और इस मुश्किल दौर में उसके प्रेमी ने उसका साथ नहीं छोड़ा।

दावा है कि लड़की के होश में आने के बाद दोनों ने शादी कर ली। वीडियो में लड़की की आंखों में आंसू भी दिखाई देते हैं। इस भावुक पल को देखकर लोग युवक के प्यार और लंबे इंतजार की तारीफ कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर क्यों वायरल हो रही है कहानी?

आज के दौर में जहां रिश्तों में भरोसे और वफादारी को लेकर अक्सर चर्चा होती है, वहीं सात साल तक इंतजार करने की यह कहानी लोगों का ध्यान खींच रही है। यूजर्स इस वीडियो को सच्चे प्यार की मिसाल मान रहे हैं। लोगों का कहना है कि मुश्किल वक्त में किसी का साथ नहीं छोड़ना ही रिश्ते की असली पहचान है।

यूजर्स बोले- ऐसे लड़के मिलते कहां हैं?

वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लड़कियों ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि ऐसे लड़के मिल कहां रहे हैं और अगर मिल रहे हैं तो उन्हें क्यों नहीं मिलते। वहीं, कुछ लोगों ने कहा कि प्यार केवल अच्छे वक्त में साथ रहने का नाम नहीं, बल्कि मुश्किल परिस्थितियों में भी एक-दूसरे का साथ निभाने का नाम है। हालांकि, वायरल वीडियो के साथ किए जा रहे सात साल तक कोमा में रहने और शादी करने के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में इसे फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल एक भावुक कहानी के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।

ये भी पढ़ें: घर पर बनाएं होटल स्टाइल रवा डोसा, स्वाद ऐसा कि खाते रह जाएंगे!