Diwali Gift in Corporate Life: दिवाली का त्योहार आते ही कॉर्पोरेट कंपनियों में कर्मचारियों को मिलने वाले बोनस और गिफ्ट की चर्चा शुरू हो जाती है। सोशल मीडिया पर भी इन दिनों कई कर्मचारी अपने दिवाली गिफ्ट की तस्वीरें और वीडियो शेयर कर रहे हैं। कोई मिठाइयों के डिब्बे दिखा रहा है तो कोई कंपनी से मिले शानदार गिफ्ट की झलक पेश कर रहा है। लेकिन इन सबके बीच एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर दूसरे कॉर्पोरेट कर्मचारियों को अपनी कंपनी का दिवाली गिफ्ट याद आ गया है। दरअसल, इस वीडियो में एक कंपनी अपने कर्मचारियों को दिवाली के मौके पर महंगे स्मार्टफोन गिफ्ट करती नजर आ रही है।
कर्मचारियों की टेबल पर रखे मिले स्मार्टफोन के बॉक्स
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक कंपनी का ऑफिस दिखाई दे रहा है। यहां कर्मचारियों की डेस्क पर अलग-अलग रंगों के स्मार्टफोन के बॉक्स रखे हुए नजर आते हैं। जब कर्मचारी ऑफिस पहुंचते हैं और अपनी टेबल पर इन गिफ्ट्स को देखते हैं तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहता। दिवाली के मौके पर कंपनी की तरफ से इतना शानदार तोहफा मिलने की उन्हें शायद उम्मीद भी नहीं थी।
View this post on Instagram
इसके बाद कर्मचारी अपने-अपने स्मार्टफोन के बॉक्स के साथ वीडियो बनाते हैं और खुशी जाहिर करते नजर आते हैं। सभी के चेहरों पर मुस्कान देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि कंपनी के इस तोहफे ने उनकी दिवाली को और भी खास बना दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर financersaab2.0 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स के बीच इसकी खूब चर्चा हो रही है। जहां कुछ लोग कंपनी की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कई कर्मचारी अपनी कंपनी के दिवाली गिफ्ट से इसकी तुलना करते नजर आ रहे हैं।
यूजर्स बोले- हमें तो सिर्फ सोहन पपड़ी मिली
वीडियो पर मजेदार कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। एक यूजर ने लिखा, 'अच्छा है, वरना हमें तो सोहन पपड़ी मिली है।' वहीं दूसरे यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि लगता है कंपनी ने बोनस काटकर 15 हजार रुपये का फोन दे दिया है, घाटा तो कर्मचारियों का ही हुआ। एक अन्य यूजर ने लिखा कि जब कंपनियां बोनस नहीं देतीं तो इसी तरह गिफ्ट देकर कर्मचारियों का मन बहला लेती हैं।
फिलहाल, यह वीडियो कॉर्पोरेट कर्मचारियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। किसी को कंपनी का यह तोहफा शानदार लग रहा है तो कोई अपनी कंपनी से भी ऐसे ही दिवाली गिफ्ट की उम्मीद कर रहा है।
ये भी पढ़ें: धनतेरस पर कैसी झाड़ू खरीदना है शुभ? खरीदने से पहले जरूर देखें ये टिप्स!