Walking Benefits: फिट रहने के लिए रोजाना 10,000 कदम चलने की सलाह अक्सर दी जाती है। कई लोग फोन या स्मार्टवॉच पर कदम गिनकर इस लक्ष्य को पूरा करने की कोशिश करते हैं। लेकिन क्या 10,000 कदम पूरे नहीं होने पर सेहत को फायदा नहीं मिलता? ऐसा बिल्कुल नहीं है। रिसर्च के मुताबिक, 10,000 से कम कदम चलने पर भी सेहत को कई फायदे मिल सकते हैं। जरूरी है कि आप अपनी उम्र और शारीरिक क्षमता के अनुसार चलने का लक्ष्य तय करें।
10,000 कदम चलना क्यों जरूरी नहीं?
10,000 कदम का लक्ष्य लोकप्रिय जरूर है, लेकिन यह हर व्यक्ति के लिए जरूरी नहीं है। एक स्टडी में बुजुर्ग महिलाओं को रोजाना करीब 4,400 कदम चलने पर भी फायदा मिला। वहीं, करीब 7,500 कदम के बाद अतिरिक्त फायदे का स्तर स्थिर होता दिखाई दिया। यानी कम कदम चलकर भी आप अपनी सेहत बेहतर बना सकते हैं।
करीना कपूर का दिवाली लुक बना चर्चा का विषय, शाही खानदान से जुड़ा है ये बेशकीमती हीरा!
WHO की गाइडलाइन क्या कहती है?
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, हर उम्र के व्यक्ति के लिए रोजाना चलने के कदमों की कोई निश्चित संख्या तय नहीं है। WHO कदम गिनने के बजाय नियमित शारीरिक गतिविधि पर जोर देता है। 5 से 17 साल के बच्चों और किशोरों को रोज कम से कम 60 मिनट खेलना, दौड़ना या साइकिल चलाना चाहिए।
18 से 64 साल के लोगों को सप्ताह में 150 से 300 मिनट तेज चाल से चलना या दूसरी शारीरिक गतिविधियां करनी चाहिए। तो वहीं 65 साल से अधिक उम्र वाले बुजुर्गों को नियमित टहलने के साथ मांसपेशियों को मजबूत बनाने और शरीर का संतुलन बनाए रखने वाली एक्सरसाइज करनी चाहिए। सबसे जरूरी है कि हर उम्र में शरीर को सक्रिय रखें।
उम्र के हिसाब से कितने कदम चलें?
5 से 17 साल: रोजाना 10,000 से 12,000 कदम चलना अच्छा लक्ष्य हो सकता है। इसके साथ दौड़ना, खेलना और साइकिल चलाना भी जरूरी है।
18 से 39 साल: रोजाना 7,000 से 10,000 कदम चलें। लंबे समय तक एक जगह बैठने से बचें।
40 से 59 साल: रोजाना 7,000 से 10,000 कदम चलने की कोशिश करें। शुरुआत कम कदमों से करें और धीरे-धीरे बढ़ाएं।
60 से 69 साल: रोजाना 6,000 से 8,000 कदम चलना अच्छा हो सकता है। संतुलन और मांसपेशियों की मजबूती पर भी ध्यान दें।
70 साल से अधिक: अपनी क्षमता के अनुसार चलें। रोजाना 4,000 से 5,000 कदम भी फायदेमंद हो सकते हैं।
क्या 10,000 कदम अच्छा लक्ष्य है?
अगर आप आसानी से रोजाना 10,000 कदम चल सकते हैं, तो यह अच्छा लक्ष्य है। लेकिन इसे पूरा नहीं कर पाने पर निराश होने की जरूरत नहीं है। नियमित रूप से चलना और अपनी क्षमता के अनुसार एक्टिव रहना ज्यादा जरूरी है।
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है। इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। नई एक्सरसाइज शुरू करने से पहले डॉक्टर से सलाह लें।
ये भी पढ़ें: करीना कपूर का दिवाली लुक बना चर्चा का विषय, शाही खानदान से जुड़ा है ये बेशकीमती हीरा!