Sarfaraz Khan: भारत और श्रीलंका के बीच प्रथम टेस्ट मैच 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शुरू हो रहा है। दो टेस्ट मैच की सीरीज के लिए चयनकर्ताओं ने चोटिल साई सुदर्शन की जगह दाएं हाथ के 28 वर्षींय बल्लेबाज सरफराज खान को टीम में शामिल किया है। हालांकि, प्लेइंग इलेवन में उनकी सीधी टक्कर विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल से होगी। ऐसे में कप्तान और कोच के लिए किसी एक को चुनना काफी मुश्किल हो सकता है। हालांकि, अगर टीम मैनेजमेंट पहले टेस्ट में सरफराज खान को चांस नहीं देती है तो ये उनकी सबसे बड़ी गलती साबित हो सकती है। चलिए आपको बताते हैं कि क्यों गॉल टेस्ट में जुरेल से पहले सरफराज खान को मिलना चाहिए मौका।
स्पिन के सरताज हैं सरफराज खान
सरफराज खान भारत के उन चुनिंदा बल्लेबाजों में आते हैं, जिनको स्पिन के खिलाफ काफी मजबूत बल्लेबाज माना जाता है। ऐसे में वह श्रीलंकाई स्पिन फ्रेंडली पिचों में भारत के लिए तुरुप की इक्का साबित हो सकते हैं। बता दें कि, सरफराज खान का स्वीप शॉट काफी पक्का-पकाया है। साथ ही श्रीलंकाई कप्तान गेंद पुरानी होने के बाद दोनों छोरों से स्पिनरों को ड्यूटी पर लगा सकते हैं और ऐसे में सरफराज खान न सिर्फ उनके विरुद्ध तेजी से रन बना सकते हैं बल्कि विकटों की पतझड़ पर ब्रेक भी लगा सकते हैं।
घरेलू क्रिकेट के डॉन ब्रैडमैन हैं सरफराज
दाएं हाथ के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज सरफराज खान को प्रथम श्रेणी क्रिकेट का डॉन ब्रैडमैन कहा जाता है। इस बल्लेबाज ने 62 फर्स्ट क्लास मैचों की 92 पारियों में 64.73 की शानदार औसत के साथ 5114 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से 17 शतक और 16 अर्धशतक निकले हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 301 रन है। वहीं, रणजी ट्रॉफी 2025-26 में उन्होंने 7 मैच की 9 पारियों में 53.62 की औसत से 429 रन बनाए थे, जिसमें 1 दोहरा शतक (227 रन) और 1 अर्धशतक शामिल है।
एशिया में खूब रन बनाते हैं सरफराज
श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में सरफराज खान भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभा सकते हैं और इसकी गवाही उनके शानदार आंकड़े दे रहे हैं। दरअसल, एशियाई सरजमीं पर सरफराज ने भारत के लिए 6 टेस्ट खेले हैं, जिसकी 11 पारियों में उन्होंने 37.10 की औसत से 371 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 3 अर्धशतक भी देखने को मिले हैं। यकीनन इन आंकड़ों को देखने के बाद कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल अपने बेहतरीन बल्लेबाज को बेंच पर बैठाने की भूल बिल्कुल नहीं करेंगे।
ये भी पढ़ें- एशिया कप 2026 के लिए टीम का हुआ ऐलान, 36 वर्षीय खिलाड़ी को बनाया गया कप्तान
Written By Aman Sharma