India Team Record: भारत टीम ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में जैसे ही 400 का आंकड़ा पार किया तो उन्होंने एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम स्थापित कर लिया। कोलंबो टेस्ट से पहले भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों बराबरी पर खड़ी थी, लेकिन 400 का आंकड़ा पार करते ही भारत कंगारुओं से एक कदम आगे निकल गया।

बता दें कि, श्रीलंका-भारत के बीच दो टेस्ट मैच की सीरीज का दूसरा मुकाबला सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में खेला जा रहा है। इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया और दूसरे दिन तीसरे सत्र में पारी को 503/9 घोषित तक दिया।

ऑस्ट्रेलिया से आगे निकला भारत

भारतीय टीम आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में सर्वाधिक 400 बार का स्कोर पार करने वाली टीम बन गई है। बता दें कि, आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की शुरुआत साल 2019 में हुई थी। टेस्ट क्रिकेट को रोमांचक बनाने के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने यह फैसला किया था।

अब भारत इस प्रतियोगिता में 27 बार 400 या उससे अधिक रन बना चुका है। कोलंबो टेस्ट से पहले भारत और ऑस्ट्रेलिया 26-26 बार डब्ल्यूटीसी के इतिहास में 400 या उससे अधिक रन बनाए थे, लेकिन अब भारत इस रिकॉर्ड में आगे निकल गया है। वहीं, इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर इंग्लैंड है, जिसने 23 बार ये कारनामा किया है।

पडिक्कल-जुरेल ने ठोका शतक

भारत की ओर से पहली पारी में देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल ने धमाकेदार शतक ठोका था। पहले पडिक्कल ने 193 गेंदों पर 117 रन बनाए थे। पडिक्कल का यह मौजूदा सीरीज में लगातार दूसरा शतक है।

इसके बाद नंबर सात पर बैटिंग के लिए आए विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने यादगार शतक ठोका। यह जुरेल के टेस्ट करियर का दूसरा शतक था। वहीं, कप्तान शुभमन गिल ने 50 और ऋषभ पंत ने बेहतरीन 63 रन बनाए थे, जिसकी बदौलत भारत पहली पारी में 503/9D पर पहुंचने में सफल रहा।

ये भी पढ़ें- लखनऊ के इकाना स्टेडियम में Gen Z खिलाड़ियों का प्रदर्शन, अभिभावकों ने दिया साथ, BCCI के सामने रखी ये मांग

पॉइंट्स टेबल में भारत 5वें नंबर पर

भारत आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक ताजा अंक तालिका में पांचवें स्थान पर मौजूद है। भारत ने मौजूदा संस्कण में 10 मैच खेले हैं, जिसमें 5 जीते हैं तो 3 मैच गंवाए हैं। वहीं, 1 मैच ड्रॉ रहा है।

शुभमन एंड कंपनी का जीत प्रतिशत 53.33 है और अगर वह कोलंबो टेस्ट जीत जाती है तो वह अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच जाएगी। वहीं, पॉइंट्स टेबल में पहले नंबर पर ऑस्ट्रेलिया और दूसरे पर गत चैंपियन साउथ अफ्रीका मौजूद है।

ये भी पढ़ें- श्रीलंकाई खिलाड़ी ने अंपायर पर दिखाया गुस्सा! ग्लव्स फेंक जताई नाराजगी, इस बात पर हुए नाराज