अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) ने गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा को डिजिटल माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भारत सरकार के स्वयं (SWAYAM) पोर्टल पर जुलाई-दिसंबर 2026 सत्र के लिए 48 मुक्त ऑनलाइन पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। इन पाठ्यक्रमों में देशभर के विद्यार्थी, शोधार्थी, शिक्षक, पेशेवर और अन्य इच्छुक शिक्षार्थी निःशुल्क नामांकन कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया स्वयं पोर्टल पर शुरू हो चुकी है। यह पहल डिजिटल भारत अभियान और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के उद्देश्यों के अनुरूप है। इसका उद्देश्य बहुविषयक शिक्षा को बढ़ावा देना, शैक्षणिक लचीलापन उपलब्ध कराना, सभी के लिए समान अवसर सुनिश्चित करना तथा उच्च शिक्षा में तकनीक के उपयोग को प्रोत्साहित करना है।
व्यवसाय प्रबंधन से डेटा साइंस तक 48 विषयों हुए शामिल
विश्वविद्यालय की ओर से शुरू किए गए 48 पाठ्यक्रमों में 19 नए और 29 पुनः संचालित पाठ्यक्रम शामिल हैं। इनमें व्यवसाय प्रबंधन, वाणिज्य, कंप्यूटर विज्ञान, डेटा साइंस, पर्यावरण अध्ययन, अर्थशास्त्र, शिक्षा, अंग्रेजी, भूगोल, हिंदी, फारसी, विधि, राजनीति विज्ञान, जनस्वास्थ्य, समाजशास्त्र, पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान, महिला अध्ययन, न्यायिक चिकित्सा, वनस्पति विज्ञान, वन्यजीव विज्ञान, जंतु विज्ञान तथा शारीरिक शिक्षा जैसे विषय शामिल हैं।
समकालीन विषयों पर आधारित होंगे ऑनलाइन पाठ्यक्रम
इन पाठ्यक्रमों के अंतर्गत रणनीतिक प्रबंधन, डिजिटल मार्केटिंग, पाइथन के माध्यम से डेटा साइंस, आपदा जोखिम प्रबंधन, पर्यावरण शिक्षा, आणविक जीवविज्ञान, जनस्वास्थ्य, रंगमंच अध्ययन, डिजिटल मानविकी, अंतरराष्ट्रीय संबंध, उद्यमिता, वित्तीय प्रबंधन, विषविज्ञान तथा महिला उद्यमिता जैसे समकालीन विषय पढ़ाए जाएंगे। अधिकांश पाठ्यक्रम 8 और 12 सप्ताह की अवधि के हैं।
यूजीसी नियमों के तहत मिलेगा क्रेडिट ट्रांसफर का लाभ
एएमयू ने बताया कि स्वयं मंच के माध्यम से विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नियमों के अनुसार शैक्षणिक अंकों (Academic Credit) के हस्तांतरण की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके तहत उच्च शिक्षण संस्थान अपने विद्यार्थियों को एक सेमेस्टर के कुल पाठ्यक्रमों का 40 प्रतिशत तक स्वयं के माध्यम से पूरा करने और उसके शैक्षणिक अंक प्राप्त करने की अनुमति दे सकते हैं।
स्वयं मंच को विश्वस्तरीय शिक्षा मंच बनाने की दिशा में कदम
कुलपति प्रो. नईमा खातून ने देशभर के उच्च शिक्षण संस्थानों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से इन पाठ्यक्रमों का लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि इनका उद्देश्य प्रत्येक शिक्षार्थी तक आधुनिक ज्ञान, व्यावहारिक कौशल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है, चाहे वह किसी भी क्षेत्र या सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि से हो। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इससे स्वयं मंच को विश्वस्तरीय ऑनलाइन शिक्षा मंच के रूप में और अधिक मजबूती मिलेगी। स्वयं पाठ्यक्रमों के समन्वयक प्रो. एम. आसिम जफर ने कहा कि 48 नए ऑनलाइन पाठ्यक्रमों की शुरुआत एएमयू की डिजिटल शिक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए ये पाठ्यक्रम विद्यार्थियों और पेशेवरों की बदलती शैक्षणिक एवं व्यावसायिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों और कार्यरत पेशेवरों से इन पाठ्यक्रमों में पंजीकरण कर अपने ज्ञान और कौशल को बढ़ाने का आग्रह किया।
स्वयं पोर्टल पर उपलब्ध है प्रवेश प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी
विश्वविद्यालय के अनुसार, सभी एएमयू स्वयं पाठ्यक्रमों में नामांकन निःशुल्क है। हालांकि प्रमाणपत्र या शैक्षणिक अंक प्राप्त करने के इच्छुक शिक्षार्थियों को स्वयं मंच और विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। पाठ्यक्रमों और प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी स्वयं पोर्टल पर उपलब्ध है।
Written By: M. Atharuddin Munne Bharti
Edited By : Toshi Shah