कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने दिल्ली में 5 सितंबर को विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया है। संगठन का आरोप है कि केंद्र सरकार ने 25 जुलाई को किए गए उन वादों को पूरा नहीं किया, जिसके बाद परीक्षा में गड़बड़ियों के खिलाफ चल रहा 36 दिनों का आंदोलन वापस लिया गया था। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को कहा कि उसे अभी तक सीजेपी की ओर से इंडिया गेट से दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक मार्च निकालने की अनुमति के लिए कोई आवेदन नहीं मिला है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अगर संगठन की ओर से अनुमति के लिए अनुरोध आता है, तो उसकी समीक्षा की जाएगी।

इंडिया गेट से शुरू होगा मार्च

सीजेपी ने शिक्षक दिवस यानी 5 सितंबर को प्रस्तावित मार्च का ऐलान किया है। संगठन के मुताबिक, यह मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक जाएगा। इस प्रदर्शन में उन छात्रों के परिवारों के शामिल होने की बात कही गई है, जिन्होंने नीट परीक्षा रद्द होने और दोबारा परीक्षा कराए जाने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। इसके अलावा जुलाई में हुए आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई का सामना करने वाले छात्रों के परिजन भी इस मार्च में हिस्सा लेंगे। यह फैसला सोमवार को हुई सीजेपी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में लिया गया।

सरकार पर लगाया भरोसा तोड़ने का आरोप

सीजेपी ने कहा कि केंद्र सरकार के साथ बातचीत के बाद संगठन ने अपना आंदोलन खत्म किया था, लेकिन अब तक किए गए वादों को पूरा नहीं किया गया। संगठन ने कहा कि युवाओं के धैर्य को कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए और सरकार को छात्रों के साथ किए गए वादों को पूरा करना होगा। सीजेपी ने चेतावनी दी कि युवाओं के मुद्दों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और सरकार की जिम्मेदारी है कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करे।  

 

ये भी पढ़ें-पैरोल पर पैरोल... रेप केस में सजा काट रहे राम रहीम को फिर मिली 21 दिन की राहत