हॉकी वर्ल्ड कप 2026: पाकिस्तान हॉकी टीम की विश्व कप में वापसी की शुरुआत ही ऐसी गलती से हुई, जिसने मैदान पर उसकी तैयारियों की पोल खोल दी। इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाड़ी पेनल्टी कॉर्नर के लिए जरूरी सुरक्षात्मक गियर ड्रेसिंग रूम में ही भूल गए। गियर समय पर मैदान पर नहीं पहुंचा तो मैच में देरी हुई और कप्तान को ग्रीन कार्ड तक दिखा दिया गया।
पेनल्टी कॉर्नर के वक्त खुली पोल
मुकाबले के करीब 17वें मिनट में इंग्लैंड को पेनल्टी कॉर्नर मिला। इसी दौरान पाकिस्तान की टीम को याद आया कि जरूरी सुरक्षात्मक गियर ड्रेसिंग रूम में छूट गया है। इसके बाद एक खिलाड़ी गियर लेने के लिए वापस ड्रेसिंग रूम की ओर दौड़ा। विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में इस तरह की लापरवाही देखकर हर कोई हैरान रह गया।
कप्तान को मिला ग्रीन कार्ड
गियर लाने में हुई देरी का असर पाकिस्तान की टीम पर पड़ा। कप्तान अबू बकर महमूद को ग्रीन कार्ड दिखाया गया और उन्हें दो मिनट के लिए मैदान से बाहर बैठना पड़ा। एक छोटी सी लापरवाही ने पाकिस्तान को मैच के दौरान मुश्किल स्थिति में डाल दिया।
पूर्व कप्तान ने भी जताई नाराजगी
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान अकबर ने भी इस घटना पर सवाल उठाए। उन्होंने टीम की तैयारी और पेशेवर रवैये पर चिंता जताई। उनके मुताबिक, विश्व कप जैसे बड़े मंच पर जरूरी उपकरणों को लेकर ऐसी गलती टीम की छवि के लिए अच्छी नहीं है।
यह भी पढ़ें:कांग्रेस मुख्यालय में बड़ा पाप हुआ है, अमित शाह बोले- सोनिया और राहुल गांधी मांगें माफी
इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 4-1 से हराया
मैच में पाकिस्तान की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं। इंग्लैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 4-1 से हरा दिया। इस तरह विश्व कप में पाकिस्तान की शुरुआत हार के साथ हुई और गियर भूलने की घटना ने इस मुकाबले को और ज्यादा चर्चा में ला दिया।
लंबे समय बाद वर्ल्ड कप में लौटी है पाकिस्तान टीम
पाकिस्तान की टीम लंबे अंतराल के बाद हॉकी वर्ल्ड कप में वापसी कर रही है। ऐसे में टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन पहले ही मुकाबले में हार और मैदान पर हुई यह बड़ी लापरवाही पाकिस्तान के लिए चिंता बढ़ाने वाली है।
पाकिस्तान लंबे अंतराल के बाद हॉकी वर्ल्ड कप में वापसी कर रहा है। ऐसे में टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में हुई यह गलती टीम के लिए काफी चर्चा का विषय बन गई है।
Written By: Shivani Gupta