अमित शाह न्यूज़: जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् का गान चल रहा था, लेकिन इसे बीच में ही रोक दिया गया। उन्होंने दावा किया कि सोनिया गांधी के कहने पर कांग्रेस अध्यक्ष से गान रोकने को कहा गया। अमित शाह ने इसे बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि वंदे मातरम् देश की आजादी के आंदोलन और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है। साथ ही उन्होंने कहा कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की यह रचना स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान लोगों के लिए प्रेरणा बनी थी। अमित शाह ने कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति के चलते वंदे मातरम् को भुलाने का आरोप भी लगाया।
गृह मंत्री ने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता इस पूरे मामले को देख रही है। उन्होंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी से कहा कि अगर कांग्रेस में थोड़ी भी शर्म बची है तो उन्हें बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय और देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण
चित्तौड़गढ़ दौरे के दौरान अमित शाह ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनकी 21 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण भी किया। उन्होंने बताया कि करीब 1.5 करोड़ रुपये की लागत से यह प्रतिमा स्थापित की गई है। इस दौरान अमित शाह ने राजस्थान के विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 15 जिलों में 5755 करोड़ रुपये के 944 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया है।
यह भी पढ़ें: 20 साल पुराना नियम खत्म, अब टीवी चैनल दिखा सकेंगे ज्यादा विज्ञापन
हर घर नल योजना पर कांग्रेस को घेरा
अमित शाह ने राजस्थान में जल योजनाओं को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के लंबे शासन के दौरान राजस्थान में करीब 11 लाख घरों तक पानी पहुंचा था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के दौरान यह संख्या बढ़कर करीब 64 लाख घरों तक पहुंच गई है।
Written By: Shivani Gupta