Rishabh Pant Injury: भारत और श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच जारी कोलंबो टेस्ट मैच के डे वन पर ऋषभ पंत को इंजरी हुई थी। हालांकि दूसरे दिन वो बल्लेबाजी के लिए आए और आतिशी अंदाज में अर्धशतक जड़ टीम को एक बेहतर स्थिति में पहुंचाने का काम किया। मगर फील्डिंग के दौरान विकेटकीपिंग के लिए मैदान पर नजर नहीं आए, जिस वजह से फैंस की चिंता बढ़ गई है।

कोलंबो टेस्ट में चोटिल हुए Rishabh Pant

बता दें कि भारत के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को पहले दिन 58वें ओवर के दौरान चोट लगी। श्रीलंकाई तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा ने पंत को एक तेज बाउंसर फेंकी, जिसपर वो पुल शॉट खेलने की कोशिश में चूक गए और इंजर्ड हो गए। गेंद उनके दस्ताने से टकराकर सीधे उनकी बाईं कलाई की हड्डी पर जा लगी और वो दर्द से छटपटाने लगे।

फिजियो ने सूजन को कम करने के लिए उन्हें आइस पैक लगाया और टेपिंग आदि की। मगर किसी से भी उन्हें राहत नहीं मिली और वो मैदान छोड़कर बाहर चले गए। उस समय पंत 15 गेंदों में 3 रन बनाकर पवेलियन लौटे। लेकिन दूसरे दिन उन्होंने कमाल की बल्लेबाजी की।

पंत ने बनाए 63 रन

ऋषभ पंत ने दूसरे दिन मैदान पर आकर योद्धा जैसा साहस दिखाया और 89 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 63 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान हाथ पर पट्टी बांधे रखी। उम्मीद थी कि वो ठीक होकर फील्डिंग के समय आएंगे। लेकिन ऐसा हुआ नहीं।

इंजरी के कारण वो मैदान पर नहीं आए और ध्रुव जुरेल को विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई। ऐसे में फैंस के मन में कई सवाल खड़े होने लगे कि आखिर अब उन्हें क्या हुआ। हालांकि अब उन सभी सवालों पर विराम लग गया है। चूंकि जुरेल ने उनकी इंजरी पर काफी बड़ी अपडेट दी है।

यह भी पढ़ें: श्रीलंकाई सरजमीं पर ध्रुव जुरेल ने शतक जड़ किया अनोखा सेलिब्रेशन, टैटू ने खींचा सबका ध्यान

जुरेल ने दिया पंत की इंजरी पर अपडेट

दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद मीडिया से बात करते हुए शतकवीर ध्रुव जुरेल ने पंत को लेकर कहा, "उन्हें सीधे कंधे पर चोट लगी है। फिजियो उन्हें मॉनीटर कर रहे हैं। आज मैंने कीपिंग इसलिए की, क्योंकि उन्हें कंधे में दर्द था। उम्मीद करता हूं कि वो कल ठीक हो जाएंगे।"जुरेल ने उम्मीद तो जताई है कि पंत ठीक होकर मैदान पर वापसी कर सकते हैं। हालांकि ऐसा होगा या नहीं ये देखने वाली बात रहेगी।

कुछ ऐसा रहा मैच का दूसरा दिन

बात करें मैच के दूसरे दिन कि तो इंडिया ने पहले दिन के तरह दमदार बल्लेबाजी की और 9 विकेट के नुकसान पर 503 रन बनाकर पारी को घोषित कर दिया। इस दौरान ध्रुव जुरेल 177 गेंदों में 115 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन्होंने 9 चौके और 2 छक्के आए। उनका स्ट्राइक रेट 64.97 का रहा। उनके अलावा दूसरे दिन पंत ने 63 और मानव सुथार ने 18 रन बनाए।

भारत ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंकाई टीम के 3 ओवर में ही 2 विकेट चटका लिए और सिर्फ 8 रन दिए हैं। अब देखना होगा कि वो तीसरे दिन कैसा प्रदर्शन करेगी।

यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा या विराट कोहली कौन है आईपीएल का बेस्ट बल्लेबाज? देखें दोनों के ओवरऑल आंकड़े