नई दिल्ली: आज 3 नवंबर 2026 की बड़ी खबरों में देश-दुनिया की कई अहम घटनाएं शामिल हैं। दिल्ली में प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है, वहीं चक्रवाती तूफान को लेकर 15 राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश में भूकंप के झटके महसूस किए गए। उधर, बीजेपी के पदयात्रा अभियान से सियासी हलचल तेज है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान में धमाकों और सीजफायर टूटने की खबर ने तनाव बढ़ा दिया है। नेपाल में हेलीकॉप्टर हादसे और बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को 5 करोड़ रुपये की रंगदारी के लिए मिली धमकी ने भी सुर्खियां बटोरी हैं। आइए जानते हैं आज की 10 बड़ी खबरें विस्तार से।

1.देश के बड़े शहरों में दिल्ली की हवा सबसे खराब, AQI 400 के पार, दिल्लीवासियों की बढ़ी चिंता..

देश की राजधानी दिल्ली में प्रदूषण एक बार फिर गंभीर चिंता का विषय बन गया है। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 438 दर्ज किया गया है, जो गंभीर श्रेणी में आता है। इसका मतलब है कि दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक स्थिति में पहुंच चुका है। वहीं, देश के दूसरे बड़े शहरों के आंकड़े दिल्ली के मुकाबले काफी बेहतर हैं। बेंगलुरु में AQI महज 80 दर्ज किया गया, जिससे दोनों शहरों के बीच प्रदूषण के स्तर का बड़ा अंतर साफ दिखाई देता है।

2.चक्रवाती तूफान से 15 राज्यों में हड़कंप, 70 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, IMD ने जारी किया अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। चक्रवाती सिस्टम और उससे जुड़ी तेज हवाओं के प्रभाव से अलग-अलग राज्यों में बारिश, गरज-चमक और आंधी का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक करीब 15 राज्यों में खराब मौसम की आशंका जताई गई है। कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

3. जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में कांपी धरती, 3.1 तीव्रता के महसूस हुए झटके

 जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.1 मापी गई। जानकारी के मुताबिक यह भूकंप 2 नवंबर यानी सोमवार को रात 10:56 बजे आया। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इस भूकंप को लेकर जानकारी दी है। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आए इस भूकंप की गहराई 5 किलोमीटर बताई जा रही है। फिलहाल अभी किसी तरह की जनहानि और नुकसान से जुड़ी कोई सूचना सामने नहीं आई है। किश्तवाड़ में देर रात तकरीबन 10 बजकर 56 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.1 मापी गई है। राहत की बात यह है कि जम्मू-कश्मीर में भी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। भूकंप के झटके आते ही लोग घरों से बाहर की ओर भागते दिखे।

4. "लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ" अभियान से BJP का शक्ति प्रदर्शन, यूपी से दिल्ली और हरियाणा तक निकालेगी पदयात्रा

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने विपक्ष को घेरने और संगठन को मजबूत करने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों में राजनीतिक अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पार्टी उत्तर प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में 3 नवंबर से 5 नवंबर तक 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत पदयात्राएं निकाल रही है। इसके अलावा दिल्ली में सिख समाज के साथ विरोध मार्च और हरियाणा के रोहतक में भी पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के जरिए बीजेपी कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर राजनीतिक हमला करने की तैयारी में है।

5.भारत में फिर कांपी धरती, अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे में 3.0 तीव्रता का भूकंप

भारत में अभी-अभी एक बार फिर से धरती कांपी है। देश में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। आज यानी मंगलवार को अरुणाचल प्रदेश में धरती हिलने से लोगों में हलचल मच गई। बता दें कि कुरुंग कुमे जिले में सुबह भूकंप आया। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.0 मापी गई। आपको बता दें इससे पहले देर रात जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। यहां भूकंप की तीव्रता 3.1 दर्ज की गई। फिलहाल इन झटकों से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

6. US मिडटर्म चुनाव से पहले ईरान पर हमला, केशम द्वीप में धमाकों से बढ़ा तनाव; सीजफायर टूटा

अमेरिका में 3 नवंबर को मिडटर्म चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इसी बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने ईरान को लेकर एक नया सैन्य मोर्चा खुलता नजर आ रहा है। मतदान से ठीक पहले ईरान के रणनीतिक रूप से अहम केशम द्वीप पर अमेरिकी हमले की खबर सामने आई है। इस घटनाक्रम ने अमेरिका-ईरान तनाव को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों ने केशम द्वीप पर अमेरिकी सेना की कार्रवाई की पुष्टि की है। इससे पहले ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने भी द्वीप पर कई धमाकों की जानकारी दी थी। फारस की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित यह द्वीप रणनीतिक लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

7. नेपाल में 2 हेलीकॉप्टर की टक्कर, एक विदेशी नागरिक की मौत, एक घायल

नेपाल से मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को एक दर्दनाक विमानन हादसे की खबर सामने आई है। सोलुखुम्बु जिले के फेरीचे (Pheriche) इलाके में लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस हादसे में एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री घायल हो गया। हादसा मंगलवार की सुबह करीब 8:11 बजे खुम्बु पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 स्थित फेरीचे हेलीपैड पर हुआ।

8. एक्‍टर तुषार कपूर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी, 5 करोड़ रुपये की मांगी रंगदारी; खुद को बताया हैरी बॉक्सर

बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को धमकी मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि अभिनेता से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। धमकी देने वाले शख्स ने खुद की पहचान हैरी बॉक्सर के रूप में बताई है। इस घटना के सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में एक बार फिर गैंगस्टरों की धमकियों को लेकर चिंता बढ़ गई है। मिली जानकारी के मुताबिक, तुषार कपूर को धमकी देकर 5 करोड़ रुपये की मांग की गई है। धमकी देने वाले ने कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा किया है। उसने अपना नाम हैरी बॉक्सर बताया है। हालांकि, इस मामले में धमकी देने वाले की वास्तविक पहचान और गैंग से उसके संबंधों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

9. बिहार में रक्षक ही बना भक्षक! ASI की फायरिंग में एक की मौत कई घायल; खाकी पर फिर उठे सवाल

बिहार में कानून की रक्षा करने वालों पर ही अब कानून तोड़ने के गंभीर आरोप लग रहे हैं। मधुबनी में एक ASI ने ऐसा ही खौफनाक कदम उठाया, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए। हैरानी की बात यह है कि जिस पिस्टल का इस्तेमाल लोगों की सुरक्षा के लिए होना चाहिए था, उसी सरकारी हथियार से ग्रामीणों पर गोलियां बरसाई गई। घटना मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव की है। आरोप है कि सोमवार, 2 नवंबर की रात एक ASI गांव में एक महिला से मिलने पहुंचा था।

10. बंगाल में राजनीतिक तनाव के बीच हिंसक झड़प, डेबरा MLA पर कथित हमला

पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के डेबरा ब्लॉक में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अंदर गुटबाजी शुरू हो गई। यहां कथित तौर पर दो गुटों के बीच हुई झड़प के दौरान डेबरा के विधायक (MLA) शुभाशीष ओम के साथ मारपीट की गई, जिसमें वे  घायल हो गए।  उन्हें डेबरा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में विधायक ने कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं पर उगाही और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के कारण हमला करने का आरोप लगाया है।इस घटना के बीच उगाही यानी जबरन पैसे वसूलने के आरोप भी लगाए गए हैं।