12वीं की परीक्षा पास करने के बाद विद्यार्थियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती सही करियर चुनने की होती है। जहां कुछ छात्र डॉक्टर और इंजीनियर बनने का सपना देखते हैं, वहीं कई विद्यार्थी ऐसे विकल्प तलाशते हैं, जिनमें अच्छी सैलरी के साथ जल्द नौकरी मिलने की संभावना हो। बदलते दौर में AI, डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, फाइनेंस और एविएशन जैसे क्षेत्र युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आए हैं। आइए जानते हैं 12वीं के बाद किए जाने वाले छह हाई सैलरी करियर विकल्पों के बारे में।
B.Tech AI और डेटा साइंस
PCM से 12वीं करने वाले विद्यार्थियों के लिए कंप्यूटर साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा साइंस अच्छे विकल्प हैं। इन कोर्सों के बाद AI इंजीनियर, मशीन लर्निंग इंजीनियर और डेटा साइंटिस्ट बन सकते हैं। शुरुआती सैलरी करीब 5 से 12 लाख रुपये सालाना हो सकती है।
MBBS और मेडिकल क्षेत्र
बायोलॉजी में रुचि रखने वाले विद्यार्थी MBBS कर सकते हैं। इसके लिए PCB के साथ NEET UG परीक्षा पास करना जरूरी है। MBBS कोर्स 5.5 साल का होता है। इसके बाद डॉक्टर के रूप में काम कर सकते हैं। MD और MS जैसी विशेषज्ञता से करियर की संभावनाएं बढ़ती हैं।
चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA)
कॉमर्स के विद्यार्थियों के लिए CA एक बेहतरीन प्रोफेशनल विकल्प है। 12वीं के बाद ICAI के माध्यम से CA Foundation की परीक्षा दे सकते हैं। CA बनने के बाद ऑडिटिंग, टैक्सेशन और फाइनेंस में नौकरी मिल सकती है। शुरुआती पैकेज लगभग 7 से 12 लाख रुपये सालाना हो सकता है।
कमर्शियल पायलट
फिजिक्स और मैथ्स वाले विद्यार्थी कमर्शियल पायलट बनने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। इसके लिए DGCA के नियमों के अनुसार ट्रेनिंग और लाइसेंस प्राप्त करना होता है। इस क्षेत्र में ट्रेनिंग महंगी है, लेकिन अनुभव बढ़ने के साथ कमाई भी अच्छी हो सकती है।
लॉ और कॉरपोरेट लीगल करियर
12वीं के बाद विद्यार्थी पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड BA LLB या BBA LLB कोर्स कर सकते हैं। CLAT जैसी परीक्षाओं के जरिए NLU में दाखिला मिलता है। इसके बाद कॉरपोरेट वकील और लीगल एडवाइजर बन सकते हैं। शुरुआती कमाई 4 से 10 लाख रुपये सालाना हो सकती है।
साइबर सिक्योरिटी और डिजिटल टेक्नोलॉजी
डिजिटल सेवाओं के विस्तार से साइबर सिक्योरिटी विशेषज्ञों की मांग बढ़ रही है। विद्यार्थी B.Tech, BCA या कंप्यूटर साइंस से जुड़े कोर्स कर सकते हैं। इसके बाद नेटवर्क सिक्योरिटी, क्लाउड कंप्यूटिंग और साइबर सिक्योरिटी में करियर बना सकते हैं। शुरुआती सैलरी करीब 4 से 10 लाख रुपये सालाना हो सकती है।
सही कोर्स चुनना क्यों है जरूरी?
विद्यार्थियों को केवल सैलरी देखकर कोर्स नहीं चुनना चाहिए। अपनी रुचि, शैक्षणिक योग्यता, कोर्स की फीस, प्रवेश परीक्षा और भविष्य में रोजगार की संभावनाओं को ध्यान में रखना जरूरी है। सही स्किल्स और मेहनत से इन क्षेत्रों में बेहतर करियर बनाया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: Bigg Boss Bangla में सारी हदें पार! कैमरे के सामने कपल का KISS देख भड़की जनता