झारखंड: झारखंड में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला शिकायतकर्ता के साथ एक पुलिसकर्मी द्वारा कथित दुष्कर्म किए जाने का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। जिस पुलिस थाने में महिलाएं अपनी शिकायत लेकर न्याय की उम्मीद में पहुंचती हैं, वहीं इस तरह के गंभीर आरोप सामने आने से पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। घटना के विरोध में सोमवार को बोकारो में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर राज्य सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

थाने में ही महिला सुरक्षित नहीं, BJP ने सरकार को घेरा

बोकारो महानगर मंडल की ओर से सेक्टर-4 स्थित अंबेडकर चौक के समीप विरोध प्रदर्शन किया गया। मंडल अध्यक्ष विशाल गौतम के नेतृत्व में जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सरकार को विफल बताया।

बीजेपी नेत्री डॉ. परिंदा सिंह ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने कहा कि थाने के अंदर महिला के साथ इस तरह की कथित घटना होना बेहद गंभीर मामला है। इससे पुलिस प्रशासन और शासन व्यवस्था की जवाबदेही पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की डीजीपी महिला होने के बावजूद अगर महिलाएं थाने में सुरक्षित नहीं हैं, तो यह चिंता का विषय है।

मंईयां सम्मान योजना पर भी उठाए सवाल

प्रदर्शन के दौरान बीजेपी नेत्री एंजेला सिंह ने राज्य सरकार की मंईयां सम्मान योजना को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण की बात करती है, वहीं दूसरी ओर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल योजनाओं के जरिए महिलाओं के सम्मान की बात करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना भी सरकार की जिम्मेदारी है।

बीजेपी नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलता और मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। इस घटना ने एक बार फिर झारखंड में महिला सुरक्षा, पुलिस की जवाबदेही और कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बहस तेज कर दी है।