उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के बांदा से स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज परिसर में एक मृत नवजात शिशु के शव को आवारा कुत्ते उठा ले गए। आरोप है कि अस्पताल परिसर में घूम रहे कुत्तों ने नवजात के शव को अपना निवाला बना लिया। इस घटना ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि अस्पताल परिसर में आवारा कुत्ते खुलेआम घूमते रहे और वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को इसकी भनक तक कैसे नहीं लगी?
रास्ते में हुआ था बच्चे का जन्म
जानकारी के मुताबिक, एक गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसने बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद परिजन नवजात को लेकर रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद नवजात का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों के सोते ही शव उठा ले गए कुत्ते
आरोप है कि घटना के बाद परिजन थकान के कारण अस्पताल परिसर में ही सो गए थे। इसी दौरान परिसर में घूम रहे आवारा कुत्ते नवजात के शव को उठाकर ले गए। घटना की जानकारी सामने आने के बाद अस्पताल परिसर में आवारा कुत्तों की मौजूदगी और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
अस्पताल प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल
इस घटना ने अस्पताल की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मेडिकल कॉलेज जैसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान में अगर आवारा कुत्ते इस तरह बेखौफ घूम रहे हैं, तो मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा कितनी सुनिश्चित है? अस्पताल में सुरक्षा गार्डों की तैनाती और परिसर की निगरानी व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है।
फिलहाल इस मामले ने स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज प्रशासन की जिम्मेदारी को लेकर बहस छेड़ दी है।
रिपोर्ट:- दीपक पांण्डेय
यह भी पढ़ें: थाने में महिला से कथित दुष्कर्म, झारखंड में कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल; बोकारो में BJP का प्रदर्शन