नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) नेता सत्येंद्र जैन को दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के STP टेंडर मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट से जमानत मिलने के बाद AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। केजरीवाल ने सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए इसे कमजोर मामला बताया और पूछा कि उन्हें जेल भेजकर केंद्र सरकार ने आखिर क्या हासिल किया।
‘सत्येंद्र जैन को पुलिस कस्टडी तक नहीं मिली’
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि किसी भी मामले में गिरफ्तारी के बाद आमतौर पर पूछताछ के लिए पुलिस कस्टडी ली जाती है और उसके बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जाता है। लेकिन सत्येंद्र जैन के मामले में ऐसा नहीं हुआ। केजरीवाल ने दावा किया कि जैन को पुलिस कस्टडी में नहीं भेजा गया और उनसे कोई पूछताछ भी नहीं की गई। उन्हें सीधे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने इसी आधार पर मामले की मजबूती पर सवाल खड़े किए।
‘दस दिन में मिल गई जमानत, मोदी जी ने क्या हासिल किया?’
AAP प्रमुख ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्येंद्र जैन के खिलाफ मामला इतना कमजोर था कि उन्हें महज दस दिन में जमानत मिल गई। उन्होंने कहा कि मोदी जी, आपने इससे क्या हासिल किया? 24 घंटे आप सिर्फ लोगों को जेल भेजने के बारे में सोचते रहते हैं। देश चलाने में आपकी कोई रुचि नहीं है और न ही आपको देश चलाना आता है।
केजरीवाल ने प्रधानमंत्री की कार्यशैली पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि उनका आचरण किसी गांव के थानेदार जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ अच्छे लोगों को जेल भेजा जा रहा है, जबकि दूसरी तरफ कथित तौर पर गलत लोगों को संरक्षण दिया जा रहा है।
सत्येंद्र जैन के वकील बोले- जल्द जेल से बाहर आने की उम्मीद
इस बीच सत्येंद्र जैन की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता विवेक जैन ने राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई के बाद अदालत के फैसले की पुष्टि की। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूर्व मंत्री जल्द ही जेल से बाहर आ जाएंगे। वकील ने कहा कि अदालत ने माना है कि सत्येंद्र जैन के खिलाफ लगाए गए आरोप ऐसे नहीं हैं, जिनके आधार पर उन्हें हिरासत में बनाए रखना जरूरी हो।
DJB के STP टेंडर मामले में हुई इस कानूनी कार्रवाई के बाद जमानत को लेकर आम आदमी पार्टी ने इसे बड़ी राहत बताया है, वहीं केजरीवाल के बयान से इस मामले पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने के संकेत हैं।
और पढ़ें: CJP संस्थापक अभिजीत दिपके का बड़ा बयान, बोले- हम छात्रों की A टीम हैं, किसी पार्टी की B टीम नहीं