लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को अपने अगले अभियान ‘छात्रों की गूंज’ की घोषणा की। यह अभियान 19 सितंबर को मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित किया जाएगा।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए छात्रों, युवाओं और भारत की Gen Z को संबोधित करते हुए कहा कि पूरा देश उन्हें देख रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की “चरमराई हुई शिक्षा व्यवस्था” ने युवाओं की उम्मीदों की लौ बुझा दी है और उनके भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है।

राहुल गांधी ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत वह अलग-अलग शहरों में छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को समझेंगे। उन्होंने कहा कि व्यवस्था में बदलाव लाने के लिए देश के हर छात्र की आवाज, उसकी चिंता और राय सुनना जरूरी है।

उन्होंने छात्रों से अपनी समस्याएं और सुझाव साझा करने की अपील भी की। राहुल गांधी ने कहा कि मिलकर उम्मीद को वापस लाने का प्रयास किया जाएगा।

किन मुद्दों को उठाएगा अभियान?

कांग्रेस नेताओं की ओर से 2026 में शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य छात्रों को अपनी समस्याएं उठाने के लिए मंच देना है। इसमें मुख्य रूप से:

  • परीक्षा में अनियमितताएं
  • पेपर लीक
  • बढ़ती शिक्षा लागत
  • भर्ती से जुड़ी समस्याएं
  • बेरोजगारी

जैसे मुद्दे शामिल हैं।

‘छात्रों की गूंज’ अभियान इससे पहले पुणे, कोटा, देहरादून और प्रयागराज में आयोजित किया जा चुका है। इसका उद्देश्य छात्र हित से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय राजनीतिक विमर्श में प्रमुखता से उठाना है।

यह भी पढ़ें: भारत पहली बार पहुंचे प्रिंस रहीम आगा खान V, PM मोदी ने कहा-साझेदारी होगी मजबूत