प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते दिन यानी शनिवार 5 सितंबर को दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में छात्रों को संबोधित किया। करीब 13 साल बाद कॉलेज पहुंचे पीएम मोदी ने अपने भाषण में युवाओं के बीच लोकप्रिय शब्दों का इस्तेमाल करते हुए पूर्व छात्रों की उपलब्धियों की जमकर तारीफ की। इस दौरान उन्होंने ‘OG’ यानी Original Gangster जैसे Gen Z के बीच प्रचलित शब्द का इस्तेमाल किया और चर्चित फिल्म ‘धुरंधर’ का भी संदर्भ दिया। पूर्व छात्रों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि SRCC के एलुमनाई ने देश-विदेश में संस्थान का नाम रोशन किया है, उन्होंने युवाओं की भाषा में कहा कि कॉलेज के पूर्व छात्र ‘OG’ हैं। इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि भले ही वे ‘धुरंधर’ न हों, लेकिन उन्होंने खूब ‘धूम’ मचाई है।

छोटे स्तर से देश के प्रतिष्ठित संस्थान तक का सफर

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने SRCC के लंबे और गौरवशाली इतिहास को भी याद किया, उन्होंने कहा कि दरियागंज से एक साधारण शुरुआत करने वाला यह संस्थान आज देश के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में अपनी अलग पहचान बना चुका है। कॉलेज ने वर्षों के दौरान कई पीढ़ियों को शिक्षा और दिशा देने का काम किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि SRCC का नाम आज अपने आप में प्रतिष्ठा का प्रतीक बन चुका है। दिल्ली यूनिवर्सिटी में आज भी किसी छात्र का यह कहना कि वह SRCC से पढ़ता है, अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि माना जाता है।

Gen Z तक पहुंच बनाने की कोशिश के बीच भाषण के मायने

प्रधानमंत्री का Gen Z की शब्दावली का इस्तेमाल ऐसे समय में हुआ है, जब युवाओं के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने को लेकर बीजेपी की रणनीति पर खासा ध्यान दिया जा रहा है। हाल ही में जंतर-मंतर पर Gen Z की अगुवाई में हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद युवा वर्ग के साथ संवाद को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ी है। बीजेपी के कुछ सांसद संसद में भी युवाओं के बीच प्रचलित शब्दों का इस्तेमाल कर चुके हैं। इनमें FOMO यानी Fear of Missing Out और ‘डेलुलु’ जैसे शब्द शामिल हैं। दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सोशल मीडिया पर युवाओं को ध्यान में रखकर छोटे और विजुअल फॉर्मेट वाले कंटेंट का इस्तेमाल करते रहे हैं।

ये भी पढ़ें-आज इन राशियों को धन लाभ के साथ पूरे होंगे पुराने काम, जानिए सभी राशियों का राशिफल

2013 के SRCC भाषण को भी किया याद

अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने SRCC में 2013 में दिए गए अपने भाषण का भी उल्लेख किया। उस समय नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, उनका वह संबोधन काफी चर्चित हुआ था और बाद में 2014 के लोकसभा चुनावों से पहले इसे राजनीतिक रूप से भी काफी महत्वपूर्ण माना गया। पीएम मोदी ने कहा कि 2013 में SRCC में दिया गया उनका भाषण उस समय एक लहर की तरह सामने आया था और करीब 13-14 साल बाद भी उसका प्रभाव महसूस किया जा रहा है, उन्होंने उस दौर की देश की आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों को भी याद किया। पीएम मोदी के मुताबिक, 2013 में भारत आतंकवादी हमलों, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसी कई चुनौतियों से जूझ रहा था। आर्थिक विकास दर कमजोर थी, महंगाई ऊंचे स्तर पर थी और देश में कई घोटालों तथा भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर माहौल बना हुआ था। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उस समय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को लेकर कई सवाल उठ रहे थे और देश को ‘Fragile Five’ में शामिल किया जा रहा था। अपने भाषण में उन्होंने 2013 के भारत की परिस्थितियों की तुलना मौजूदा भारत से करते हुए देश में आए बदलावों को भी रेखांकित किया।