नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार शाम अपने आधिकारिक आवास पर 20 केंद्रीय राज्य मंत्रियों (MoS) और स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्रियों के साथ चार घंटे तक समीक्षा बैठक की। बैठक में सरकार की प्रमुख योजनाओं की प्रगति, जमीनी स्तर पर उनके क्रियान्वयन और भविष्य की विकास रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक शाम करीब 5 बजे शुरू हुई, जिसमें कृषि, ग्रामीण विकास, शिक्षा, सामाजिक न्याय समेत कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों से जुड़े मंत्रियों ने हिस्सा लिया।
मंत्रियों ने पेश की विभागों की प्रगति रिपोर्ट
बैठक के दौरान मंत्रियों ने अपने-अपने मंत्रालयों की उपलब्धियों, प्रशासनिक सुधारों, जनकल्याण योजनाओं और भविष्य की प्राथमिकताओं से जुड़ी रिपोर्ट प्रधानमंत्री के सामने रखी।
प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों से 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए नए विचार और प्रभावी सुझाव साझा करने को कहा।
उन्होंने मंत्रियों को युवाओं से लगातार संवाद करने, उनके सुझावों को सुनने और नीतियों के क्रियान्वयन में जनता की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने की सलाह
प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मंत्री सोशल मीडिया प्लेटफट्रम एक्स, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया माध्यमों के जरिए जनता तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं और लोगों से सीधे सुझाव लें।
पीएम मोदी पहले भी कई बार मंत्रियों और सांसदों को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने और जनता से जुड़ाव बढ़ाने की सलाह दे चुके हैं।
लगातार समीक्षा बैठकों का हिस्सा
सूत्रों के अनुसार, यह बैठक सरकार के कामकाज की नियमित समीक्षा प्रक्रिया का हिस्सा है। प्रधानमंत्री आने वाले दिनों में अन्य समूहों के मंत्रियों के साथ भी इसी तरह की बैठकें कर सकते हैं।
इन बैठकों का उद्देश्य मंत्रालयों के काम की प्रगति पर नजर रखना, चुनौतियों की पहचान करना और शासन व्यवस्था को और प्रभावी बनाना है।
यह भी पढ़ें: गुजरात को 35 हजार करोड़ रुपये की सौगात! PM मोदी ने रखी विकास परियोजनाओं की नींव, बोले- सत्ता और पद सेवा के लिए