Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली पहुंचे बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर के साथ भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद हाउस प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक की। दोनों देशों के प्रधानमंत्री ने द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न मुद्दो के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर बात-चीत की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर की मौजूदगी में भारत और बेल्जियम के बीच MoU का आदान-प्रदान हुआ। साल 2025 के फरवरी माह में प्रधानमंत्री बनने के बाद बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर की पहली भारत यात्रा है।
पीएम मोदी ने की बेल्जियम के प्रधानमंत्री की तारीफ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेल्जियम के प्रधानमंत्री को उनकी पहली भारत यात्रा के लिए स्वागत कर खुशी जताई। पीएम ने प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कहा कि, यह उनकी पहली भारत यात्रा जरूर है। भारत से उनका परिचय पुराना है। वह लंबे समय तक एन्टवर्प के मेयर रहे हैं और उन्होंने एन्टवर्प के बड़े भारतीय समुदाय और भारत-बेल्जियम हीरे के व्यापार को हमेशा समर्थन दिया है। भारत और बेल्जियम के संबंधों की जड़ें इतिहास में काफी ज्यादा मजबूत है। पहले विश्व युद्ध में बेल्जियम में हजारों भारतीय सैनिकों का साहस और बलिदान हमारी साझा स्मृति का अहम हिस्सा है। आज लोकतांत्रिक मूल्य, बाज़ार अर्थव्यवस्था और लोगों के बीच आपसी गहरे संबंध हमें स्वाभाविक साझेदार बनाते हैं।"
दुनिया के सबसे बड़े ग्रीन अमोनिया प्रोजेक्ट्स को करेंगे विकसित
पीएम ने अपनी बेल्जियम यात्रा का वर्णन करते हुए कहा कि मुझे 10 साल पहले बेल्जियम जाने का मौका मिला था। मुझे यह देखकर खुशी है कि पिछले दशक में हमारी साझेदारी की वजह से शानदार तरक्की हुई। आज हमारे सहयोग का दायरा पारंपरिक क्षेत्रों से आगे बढ़कर रक्षा और स्वच्छ ऊर्जा जैसे रणनीतिक क्षेत्रों तक फैला है। हम ज़ोरावर टैंक जैसे आधुनिक रक्षा उपकरणों पर एक साथ काम कर रहे हैं। हम आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में दुनिया के सबसे बड़े ग्रीन अमोनिया प्रोजेक्ट्स में से एक को भी विकसित कर रहे हैं।
चुनौतीपूर्ण माहौल में भी भारत की अर्थव्यवस्था ने पकड़ी अपनी गति
विश्व में संकट की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, आज विश्व बड़े उथल-पुथल के दौर से गुजर रहा है। दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष की स्थिति चल रही है। भोजन, ईंधन या सप्लाई श्रृंखला, हर क्षेत्र में अनिश्चितता का प्रभाव पड़ रहा है। इस चुनौतीपूर्ण माहौल में भी भारत की अर्थव्यवस्था ने अपनी गति बनाए रखी है। पिछले क्वार्टर में हमने 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ दर्ज की है। आज भारत की विकास कहानी दुनिया के लिए विश्वास और नए अवसरों का स्रोत बन रही है।
2 सबसे बड़ी लोकतांत्रिक शक्तियों के बीच सहयोग देगा मजबूती
इस साल के प्रारंभ में हमने ऐतिहासिक भारत-यूरोपीय यूनियन फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किया। विश्व की 2 सबसे बड़ी लोकतांत्रिक शक्तियों के बीच यह अभूतपूर्व सहयोग वैश्विक स्थिरता,विकास और साझा समृद्धि को नई मजबूती देगा। भारत की निरंतर आर्थिक प्रगति और इस एग्रीमेंट ने हमारे आर्थिक संबंधों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं। आज हमने इन संभावनाओं को ठोस परिणामों में बदलने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
नवीकरणीय ऊर्जा पर आज हुआ MOU
MOU को लेकर पीएम मोदी ने बातचीत करते हुए कहा कि, एक साफ़ ऊर्जा वाला भविष्य और भरोसेमंद सप्लाई चेन हमारी पहली प्रथमिकताओं में शामिल है। नवीकरणीय ऊर्जा पर आज हुआ MOU हमारे सस्टेनेबिलिटी सहयोग को नई गति देगा। महत्वपूर्ण खनिज में हमने प्रसंस्करण और पुनर्चक्रण में सहयोग बढ़ाने का निर्णय लिया है। सेमीकंडक्टर में बेल्जियम की विशेषज्ञता और भारत का स्केल एक-दूसरे के पूरक हैं। इस दिशा में हम बेल्जियम के IMEC इंस्टिट्यूट को भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम से जोड़ने के लिए मिलकर काम करेंगे।
आतंकवाद के हर रूप को जड़ से करेंगे समाप्त
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत और बेल्जियम दोनों ही देश कानून का शासन, बातचीत और कूटनीति पर भरोसा करते हैं। यूक्रेन हो या वेस्ट एशिया हम संघर्ष को जल्द समाप्त करने और शांति से सभी प्रयासों का समर्थन करेंगे और आतंकवाद के हर रूप को जड़ से समाप्त करना हमारी साझी प्रतिबद्धता है।
यह भी पढ़ें: Mirzapur The Movie: क्या Munna Bhaiya के दम पर टूटेगा Awarapan 2 और Saiyaara का रिकॉर्ड? बॉक्स ऑफिस पर मचेगा भौकाल