साउथ दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक जर्जर पांच मंजिला इमारत के अचानक ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। आशंका है कि कुछ लोग अभी भी मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। हादसा मोतीबाग क्षेत्र में सत्य निकेतन स्थित शिव मंदिर के पास हुआ। बताया जा रहा है कि इस इमारत में पीजी संचालित हो रहा था, जहां कॉलेज और कोचिंग करने वाले कई छात्र रहते थे। जानकारी के मुताबिक, इमारत की क्षमता करीब 150 लोगों की थी।
18 घंटे बाद भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे को करीब 18 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन रेस्क्यू टीमों का अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है। घटनास्थल पर MCD कमिश्नर संजीव खिरवार भी पहुंचे। इस दौरान मीडिया ने उनसे हादसे को लेकर सवाल किए, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। मौके पर NDRF, दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें लगातार काम कर रही हैं। बचावकर्मी भारी कंक्रीट स्लैब और मलबे को सावधानी से हटाकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। रेस्क्यू की रफ्तार धीमी है। इसकी बड़ी वजह यह है कि मलबे को भारी मशीनों से तेजी से हटाने पर उसके नीचे मौजूद किसी जीवित व्यक्ति को नुकसान पहुंचने का खतरा है। इसी कारण बचाव दल बेहद सतर्कता के साथ एक-एक हिस्सा हटाने में जुटा है।
#WATCH दिल्ली: सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना में एक और शव मिला है, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। खोज और बचाव अभियान जारी है। pic.twitter.com/Af3rSBQYOe
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 6, 2026
डॉग स्क्वॉड से मलबे में तलाश
मलबे के नीचे किसी के जिंदा होने की संभावना को देखते हुए NDRF की टीमें डॉग स्क्वॉड की मदद ले रही हैं। प्रशिक्षित कुत्तों के जरिए मलबे के उन हिस्सों की पहचान की जा रही है, जहां किसी व्यक्ति के फंसे होने की आशंका है। रेस्क्यू अभियान में स्थानीय लोगों और घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने भी मदद का हाथ बढ़ाया है। कई लोग बचाव दल के साथ मिलकर हाथों और छोटे औजारों की मदद से मलबा हटाने में जुटे हुए हैं।
#WATCH दिल्ली: साउथ दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक बिल्डिंग गिरने के बाद सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। 6 लोगों की मौत हो गई है।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 7, 2026
(घटनास्थल से सुबह का वीडियो) pic.twitter.com/CrjJ9cEa7V
हादसे के करीब 13 घंटे बाद मिला एक और शव
बता दें यह हादसा रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ था। इसके लगभग 13 घंटे बाद रात 2:30 बजे मलबे से एक और शव बाहर निकाला गया। AIIMS की ओर से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इससे पहले हादसे में 5 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी थी। देर रात एक और शव मिलने के बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 6 हो गया।
ये भी पढ़ें- अमेरिका में लैंडिंग के बाद बेकाबू हुआ विमान, मियामी एयरपोर्ट पर तबाही; 5 की मौत
अवैध निर्माण का भी सामने आया मामला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस इमारत के गिरने से हादसा हुआ, वह 14 नंबर शॉप से जुड़ी थी। आरोप है कि मूल निर्माण के ऊपर नियमों के विपरीत चार अतिरिक्त मंजिलें बना दी गई थीं। इसके अलावा आसपास की 12 और 13 नंबर शॉप की इमारतों में भी कथित तौर पर अवैध तरीके से अतिरिक्त फ्लोर बनाए गए थे और वहां पीजी संचालित किए जा रहे थे। हादसे के बाद इन इमारतों को खाली करा लिया गया है। अधिकारियों की ओर से दोनों इमारतों को गिराने की तैयारी की जा रही है।