अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को बड़ा विमान हादसा सामने आया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य के घायल होने की जानकारी मिली है। हादसा उस समय हुआ जब अमेजन प्राइम एयर का एक कार्गो विमान लैंडिंग के बाद रनवे से आगे निकल गया और कई वाहनों से टकरा गया। टक्कर के बाद एयरपोर्ट परिसर में भीषण आग लग गई। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर सभी रनवे और टैक्सीवे बंद कर दिए। इसके चलते मियामी एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हुई और कई उड़ानों को रोकना पड़ा।
दोपहर करीब 2 बजे हुआ हादसा
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, प्राइम एयर की फ्लाइट 7598 रविवार को स्थानीय समय के मुताबिक करीब दोपहर 2 बजे हादसे का शिकार हुई। विमान एयरपोर्ट के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में रनवे से बाहर निकल गया और वहां मौजूद कई गाड़ियों से टकराने के बाद रुक गया। इसके बाद विमान और आसपास के क्षेत्र में आग फैल गई। हादसे के बाद बड़े स्तर पर रेस्क्यू और राहत अभियान चलाया गया। आग बुझाने और ईंधन रिसाव को नियंत्रित करने के लिए कई आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं।
उड़ानों पर पड़ा असर
अमेरिकी एविएशन अधिकारियों ने हादसे के बाद एयरपोर्ट पर ‘फुल ग्राउंड स्टॉप’ लागू कर दिया, जिसके कारण कई घंटों तक उड़ान संचालन बंद रहा। मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सभी रनवे और टैक्सीवे दोपहर तक बंद रहे, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ये भी पढ़ें- PM मोदी के SRCC संबोधन के बाद फिर चर्चा में लाला श्री राम...जानिए उनकी असफलताओं से शिखर तक की कहानी
जांच में जुटी एजेंसियां
अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। NTSB ने मामले की जांच के लिए अपनी टीम भेजी है। अधिकारियों का कहना है कि विमान रनवे से बाहर क्यों गया और हादसे की असली वजह क्या थी, इसका पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।