नई दिल्ली: दिल्ली में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Meta पर कथित बाल यौन शोषण से जुड़ी सामग्री के मामले में दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने इस संबंध में जानकारी दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एजेंसियों द्वारा जांच की जा रही है। पुलिस अब इस बात की पड़ताल करेगी कि कथित आपत्तिजनक सामग्री किस तरह प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हुई और इसके पीछे कौन लोग जिम्मेदार हैं। बच्चों की सुरक्षा और ऑनलाइन शोषण से जुड़े मामलों को लेकर यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है।

बाल यौन शोषण से जुड़ी सामग्री के मामले में NHRC ने दर्ज कराई FIR

इस सदर्भ में नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन (NHRC) के मेंबर प्रियांक कानूनगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट कर जानकारी देते हुए बताया कि हमारे निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने @MetaIndia मेटा के प्लेटफॉर्म पर बाल यौन शोषण एवं दुर्व्यवहार सामग्री (CSEAM) की  उपलब्धता के बारे में FIR दर्ज की है। इससे पहले, 16 सितंबर को, नेशनल कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स (NCPCR) ने CSEAM एड्स की अपनी जांच के सिलसिले में मेटा इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और हेड को एक बार फिर तलब किया था।

Meta के मैनेजिंग डायरेक्टर और हेड को एक बार फिर किया तलब

सरकारी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, NCPCR ने 3 जुलाई को मेटा को नोटिस जारी कर इस मामले में कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा था। जिसके बाद मेटा ने एक हफ्ते बाद अपना जवाब दिया। जवाब के बाद, NCPCR ने मामले के तथ्यों का पता लगाने के लिए एक औपचारिक जांच शुरू करने का फैसला किया। इसी सिलसिले में चल रही जांच के हिस्से के तौर पर, कमीशन ने होने वाली सुनवाई के लिए मेटा इंडिया के MD और हेड को एक बार फिर बुलाया है।