उत्तर प्रदेश में दिवाली से ठीक पहले योगी सरकार ने राजस्व विभाग के कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। राजस्व परिषद ने 285 कर्मचारियों को प्रमोशन देकर राजस्व निरीक्षक बना दिया है। लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए यह फैसला बड़ी राहत लेकर आया है। सरकार के इस कदम को प्रशासनिक सुधार के साथ-साथ चुनावी नजरिए से भी अहम माना जा रहा है।

206 लेखपाल और 79 संग्रह अमीन को मिला प्रमोशन

राजस्व परिषद की ओर से जारी आदेश के अनुसार, कुल 285 कर्मचारियों को प्रमोशन दी गई है। इनमें 206 लेखपाल और 79 संग्रह अमीन शामिल हैं। अब ये सभी कर्मचारी राजस्व निरीक्षक के पद पर अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। राजस्व परिषद के चेयरमैन बीएल मीणा के मुताबिक, प्रमोशन की प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा किया गया है। कर्मचारियों की योग्यता और पात्रता को आधार बनाकर यह फैसला लिया गया। लंबे समय से पदोन्नति की राह देख रहे कर्मचारियों को इससे बड़ी राहत मिली है।

चुनाव से पहले कर्मचारियों को साधने की कोशिश?

योगी सरकार के इस फैसले का राजनीतिक पहलू भी काफी महत्वपूर्ण है। सरकारी कर्मचारियों का एक बड़ा वर्ग चुनावी माहौल में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में लंबे समय से प्रमोशन का इंतजार कर रहे कर्मचारियों कोप्रमोशन देना सरकार के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने में मददगार हो सकता है।

खासतौर पर राजस्व विभाग के कर्मचारी जमीन, गांव और आम जनता से सीधे जुड़े रहते हैं। लेखपाल और संग्रह अमीन जैसे पदों पर काम करने वाले कर्मचारियों का ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से लगातार संपर्क रहता है। ऐसे में प्रमोशन का फैसला विभाग के कर्मचारियों के बीच सरकार की अच्छी छवि बनाने में मदद कर सकता है।

क्या योगी सरकार को मिलेगा राजनीतिक फायदा?

योगी सरकार लगातार प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और सरकारी कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का संदेश देने की कोशिश कर रही है। ऐसे में 285 कर्मचारियों को प्रमोशन देना सरकार के लिए एक सकारात्मक संदेश साबित हो सकता है। इस फैसले से एक तरफ कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा, वहीं दूसरी तरफ सरकार यह संदेश भी दे सकती है कि पात्र कर्मचारियों को समय पर उनका हक देने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

चुनावी नजरिए से देखें तो यह फैसला योगी सरकार के लिए छोटा लेकिन महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश हो सकता है। हालांकि, इसका चुनावी फायदा कितना मिलेगा, यह आने वाले समय में ही साफ होगा।

ये भी पढ़ें- मधुबनी गोलीकांड में बड़ा एक्शन, 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड; आरोपी ASI की गिरफ्तारी के लिए 12 टीमें कर रही छापेमारी

राजस्व विभाग के कामकाज में भी आएगी तेजी

प्रमोशन के बाद नए राजस्व निरीक्षकों को जमीन के रिकॉर्ड, राजस्व वसूली, भूमि विवादों और आपदा के दौरान नुकसान के आकलन जैसी जिम्मेदारियां निभानी होंगी। इससे विभाग के कामकाज में तेजी आने की उम्मीद है।