अगर आपका कोई जरूरी बैंकिंग काम ब्रांच जाकर पूरा करना है, तो आज बैंक जाने से पहले रुककर यह खबर जरूर पढ़ लें। शुक्रवार, 11 सितंबर 2026 को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर देशभर में बैंक कर्मचारियों की हड़ताल है। ऐसे में कई बैंकों की ब्रांच में सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है। मुश्किल यह भी है कि हड़ताल के तुरंत बाद शनिवार, 12 सितंबर और रविवार, 13 सितंबर को साप्ताहिक अवकाश रहेगा। इसके बाद कुछ राज्यों में गणेश चतुर्थी से संबंधित छुट्टियों के कारण सोमवार और मंगलवार को भी बैंक बंद रह सकते हैं। यानी कुछ जगहों पर ग्राहकों को ब्रांच से जुड़े काम के लिए कई दिन इंतजार करना पड़ सकता है।
बैंक कर्मचारी क्यों कर रहे हैं हड़ताल?
बैंकिंग सेक्टर से जुड़ी कई मांगों को लेकर बैंक यूनियनों ने देशव्यापी आंदोलन का रास्ता अपनाया है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सप्ताह में केवल पांच दिन बैंक खोलना शामिल है। यूनियनें चाहती हैं कि शनिवार और रविवार को नियमित साप्ताहिक अवकाश घोषित किया जाए। इसके अलावा परफॉर्मेंस-लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) व्यवस्था की समीक्षा कर उसमें मौजूद असमानताओं को दूर करने की मांग भी की जा रही है। यूनियनों ने पेंशन से जुड़े पहले से तय सुधारों को लागू करने और कर्मचारियों के स्वास्थ्य बीमा से संबंधित प्रावधानों को जल्द अमल में लाने पर भी जोर दिया है। यूनियनों ने आगे आंदोलन तेज करने का संकेत भी दिया है। मांगों पर समाधान नहीं निकलने की स्थिति में 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल प्रस्तावित है। इसके बाद 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी गई है।
ब्रांच बंद हो तो जरूरी बैंकिंग काम कैसे करें?
लगातार छुट्टियों और हड़ताल के बावजूद रोजमर्रा के कई बैंकिंग काम ऑनलाइन किए जा सकते हैं। ब्रांच में जाकर होने वाले काम जरूर प्रभावित हो सकते हैं, लेकिन डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के जरिए पैसे भेजने, बिल चुकाने और कई दूसरे काम जारी रखे जा सकते हैं। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की ओर से भी ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे जरूरी लेन-देन पहले कर लें। हड़ताल के दौरान ग्राहक इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, ATM और उपलब्ध डिजिटल सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं।
पैसे भेजने या प्राप्त करने के लिए
किसी दूसरे खाते में रकम ट्रांसफर करनी हो या पैसे मंगाने हों, तो IMPS, NEFT, RTGS और UPI जैसी डिजिटल सुविधाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है। GPay, PhonePe और Paytm जैसे UPI प्लेटफॉर्म से भी सामान्य डिजिटल भुगतान किया जा सकता है।
बिल और मोबाइल रिचार्ज
बिजली, पानी या गैस का बिल जमा करना हो अथवा मोबाइल रिचार्ज करना हो, तो बैंक की इंटरनेट बैंकिंग सुविधा या मोबाइल ऐप से यह काम घर बैठे किया जा सकता है।
An important advisory, please take a note!#PNB #Banking #Advisory pic.twitter.com/SgKc35Gus6
— Punjab National Bank (@pnbindia) September 10, 2026
कैश की जरूरत हो तो क्या करें?
अगर आपको नकदी चाहिए, तो ATM से पैसे निकाले जा सकते हैं। जरूरत पड़ने पर HDFC Bank, ICICI Bank या Axis Bank जैसे निजी बैंकों के ATM का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, लगातार छुट्टियों के दौरान कुछ ATM में नकदी उपलब्धता प्रभावित होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीण और छोटे शहरों में ग्राहक नजदीकी किराना दुकान या कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर उपलब्ध Aadhaar Enabled Payment System (AEPS) के जरिए भी नकदी निकाल सकते हैं।
ये भी पढ़ें- BRICS समिट के लिए भारत पहुंचे पुतिन, मोदी-शी जिनपिंग मुलाकात पर दुनिया की नजर
स्टेटमेंट, FD और लोन से जुड़े काम
बैंक स्टेटमेंट निकालना, फिक्स्ड डिपॉजिट से जुड़ी सेवाएं लेना या लोन के लिए आवेदन करना जैसे कई काम अब बैंक की डिजिटल सेवाओं से किए जा सकते हैं। SBI के YONO, PNB One और दूसरे बैंकों के मोबाइल ऐप या इंटरनेट बैंकिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध सुविधाओं का इस्तेमाल करके ग्राहक ब्रांच जाए बिना कई काम पूरे कर सकते हैं। इसलिए अगर आपका काम डिजिटल माध्यम से हो सकता है, तो बैंक की छुट्टियों के दौरान ब्रांच खुलने का इंतजार करने के बजाय ऑनलाइन बैंकिंग विकल्प अपनाना ज्यादा सुविधाजनक रहेगा।