Male Contraceptive Pill: अब तक अनचाही प्रेग्नेंसी रोकने की जिम्मेदारी ज्यादातर महिलाओं पर रही है, लेकिन जल्द ही यह तस्वीर बदल सकती है। सोचिए, अगर पुरुषों को अनचाही प्रेग्नेंसी रोकने के लिए संबंध बनाने से करीब 30 मिनट पहले सिर्फ एक गोली लेनी पड़े, तो कितना आसान हो जाएगा! जी हां, वैज्ञानिक ऐसी ही एक पुरुष गर्भनिरोधक गोली पर रिसर्च कर रहे हैं।

खास बात यह है कि इसका असर अस्थायी होगा और यह नसबंदी की तरह पुरुषों की प्रजनन क्षमता को हमेशा के लिए खत्म नहीं करेगी। तो चलिए समझते हैं कि आखिर यह गोली कैसे काम करेगी और कब तक इसका असर रहेगा?

महिलाओं की गर्भनिरोधक गोलियों से कैसे अलग है यह दवा?

आमतौर पर महिलाओं की गर्भनिरोधक गोलियां हार्मोन में बदलाव करके प्रेग्नेंसी रोकती हैं। लेकिन पुरुषों की इस संभावित गोली का तरीका बिल्कुल अलग है। यह स्पर्म बनने की प्रक्रिया को नहीं रोकती, बल्कि उनकी तैरने और आगे बढ़ने की क्षमता पर असर डालती है।

दरअसल, स्पर्म को आगे बढ़ने के लिए sAC यानी सॉल्यूबल एडिनाइलील साइक्लेस नाम के एंजाइम की जरूरत होती है। यह दवा कुछ समय के लिए इसी एंजाइम को ब्लॉक कर देती है। इससे स्पर्म गतिहीन हो जाते हैं और अंडे तक नहीं पहुंच पाते।

6 से 8 घंटे तक रह सकता है असर

शुरुआती रिसर्च के मुताबिक, इस दवा का असर करीब 6 से 8 घंटे तक रह सकता है। यानी इसे संबंध बनाने से लगभग आधे घंटे पहले लेने की परिकल्पना है। हालांकि, अभी इसके इंसानों पर परीक्षण बाकी हैं।

क्या फर्टिलिटी पर नहीं पड़ेगा स्थायी असर?

इस गोली की सबसे बड़ी खासियत इसका अस्थायी प्रभाव है। यह स्पर्म का उत्पादन बंद नहीं करती। दवा का असर खत्म होने के बाद स्पर्म की गतिशीलता सामान्य होने की उम्मीद है। हालांकि, इसकी पुष्टि इंसानी परीक्षणों के बाद ही हो सकेगी।

बाजार में आने से पहले कई चुनौतियां

दवा को इंसानों पर टेस्ट करना, सही खुराक तय करना, लिवर और किडनी पर इसके असर की जांच करना और लंबे समय की सुरक्षा सुनिश्चित करना अभी बाकी है।

क्या महिलाओं को मिलेगी राहत?

अगर यह गोली सफल होती है, तो गर्भनिरोध की जिम्मेदारी पुरुष और महिलाएं बराबर बांट सकेंगे। इससे कपल्स को एक नया विकल्प मिल सकता है। लेकिन ध्यान रहे, यह गोली अभी बाजार में उपलब्ध नहीं है और STI से भी सुरक्षा नहीं देगी। इसलिए संक्रमण से बचाव के लिए कंडोम जरूरी रहेगा।

Declaimer: यह खबर मात्र जानकारी के लिए प्रस्तुत की गई है। टीएनपी ग्रुप किसी भी तथ्य की पुष्टी नहीं करता है।

ये भी पढ़ें: अब स्कूल में नहीं चलेगा जींस-टीशर्ट! बिहार के टीचर्स के लिए नया ड्रेस कोड लागू