जब भी प्रीमियम और आरामदायक फैमिली कार की बात होती है, तो Toyota Innova का नाम सबसे पहले आता है। बता दें कि भारतीय ग्राहकों के बीच इस एमपीवी की अच्छी पहचान है। अब टोयोटा ने इंटरनेशनल मार्केट में अपनी लोकप्रिय एमपीवी Innova Hycross का अपडेटेड फेसलिफ्ट मॉडल पेश किया है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि कंपनी जल्द ही इसे भारतीय बाजार में भी उतार सकती है।

नई Toyota Innova Hycross Facelift का एक्सटीरियर डिजाइन पहले जैसा ही नजर आता है, लेकिन इसके एक्सटीरियर में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। खासतौर पर केबिन, सीटों की सुविधा और टेक्नोलॉजी को पहले से बेहतर बनाया गया है।

केबिन में मिलेंगी दो बड़ी 12.3 इंच की स्क्रीन

नई इनोवा हाइक्रॉस फेसलिफ्ट में सबसे ज्यादा बदलाव इसके डैशबोर्ड पर देखने को मिलते हैं। अब इसमें पहले से बड़ी 12.3 इंच की टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट डिस्प्ले दी गई है। इसका इंटरफेस भी पहले के मुकाबले ज्यादा साफ और आधुनिक बनाया गया है।

इसके साथ ही ड्राइवर के लिए भी नया डिजिटल डिस्प्ले दिया गया है। इसमें 12.3 इंच की फुल TFT स्क्रीन मिलेगी, जिस पर ड्राइविंग से जुड़ी जरूरी जानकारी आसानी से देखी जा सकेगी। भारतीय मॉडल में कंपनी सीटों की अपहोल्स्ट्री और केबिन के रंगों में भी बदलाव कर सकती है।

अब बटन से एडजस्ट होंगी दूसरी रो की कैप्टन सीट

टोयोटा ने नई हाइक्रॉस में पीछे बैठने वाले यात्रियों के आराम का भी खास ध्यान रखा है। इसके सेकंड रो में मिलने वाली कैप्टन सीटों को अब ऑटोमैटिक तरीके से एडजस्ट किया जा सकेगा। यानी यात्रियों को सीट आगे-पीछे या अपनी सुविधा के हिसाब से सेट करने के लिए ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ेगी। इसके लिए दिए गए बटन का इस्तेमाल किया जा सकेगा।

इसके अलावा कार के पिछले दरवाजे यानी टेलगेट में किक सेंसर भी जोड़ा गया है। इसकी मदद से अगर आपके हाथों में सामान भरा हुआ है, तो बंपर के नीचे पैर ले जाकर बूट को खोला जा सकेगा। यह फीचर रोजमर्रा के इस्तेमाल में काफी काम आएगा।

पेट्रोल और स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन का मिलेगा विकल्प

इंजन की बात करें तो नई Toyota Innova Hycross Facelift में मौजूदा मॉडल की तरह पेट्रोल और स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन के विकल्प मिलने की उम्मीद है। इसमें 2.0 लीटर का नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन और 2.0 लीटर का पेट्रोल-इलेक्ट्रिक स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन दिया जा सकता है। इसके अलावा भारतीय बाजार में कंपनी फ्लेक्स-फ्यूल इंजन का विकल्प भी पेश कर सकती है। हालांकि, भारत में इस वेरिएंट को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

भारत में कब लॉन्च होगी नई Innova Hycross Facelift?

भारतीय बाजार में आने वाली नई इनोवा हाइक्रॉस का डिजाइन इंडोनेशिया में पेश किए गए मॉडल से थोड़ा अलग हो सकता है। माना जा रहा है कि भारतीय वर्जन में कंपनी कुछ अतिरिक्त क्रोम एलिमेंट्स और ज्यादा आकर्षक एक्सटीरियर डिजाइन दे सकती है।

फिलहाल टोयोटा ने भारत में इसकी लॉन्च डेट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। ऐसे में इसकी कीमत और लॉन्च से जुड़ी जानकारी के लिए कंपनी के ऐलान का इंतजार करना होगा।

ये भी पढ़ें- राजस्थान की विरासत से सजी Range Rover लॉन्च, सिर्फ 18 लोगों को मिलेगी खरीदने का मौका; जानिए फीचर्स और कीमत

क्या नई Innova Hycross ग्राहकों को पसंद आएगी?

नई Toyota Innova Hycross Facelift में बड़े डिजिटल डिस्प्ले, पहले से बेहतर सीटिंग सुविधा, किक सेंसर और अपडेटेड केबिन जैसे फीचर्स इसे और आकर्षक बनाते हैं। अगर कंपनी भारतीय बाजार में भी इन बदलावों के साथ इसे लॉन्च करती है, तो यह फैमिली कार खरीदने वालों के लिए एक अच्छा विकल्प बन सकती है।