दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही घरों में साफ-सफाई का काम शुरू हो जाता है। कोई अलमारी की सफाई करता है, तो कोई पुराने पर्दे, पंखे और स्टोर रूम को साफ करने में लग जाता है, लेकिन इस दौरान एक छोटी सी लापरवाही सेहत पर भारी पड़ सकती है। लंबे समय से जमा धूल की सफाई करने पर उसके बारीक कण हवा में फैल जाते हैं। इससे कई लोगों को छींक, खांसी और सांस लेने में परेशानी होने लगती है। जिन लोगों को पहले से धूल या किसी अन्य चीज से एलर्जी है, उन्हें सफाई के दौरान खास सावधानी बरतनी चाहिए।

सफाई के दौरान क्यों होती है छींक और खांसी?

घर के कोनों, पर्दों, फर्नीचर और अलमारियों में कई महीनों तक धूल जमा होती रहती है। इस धूल में फंगस और छोटे कीड़ों के बारीक कण भी हो सकते हैं। जब हम झाड़ू लगाते हैं या सूखे कपड़े से सफाई करते हैं, तो ये कण हवा में फैल जाते हैं। सांस के साथ शरीर के अंदर पहुंचने पर ये एलर्जी की समस्या पैदा कर सकते हैं।

इसकी वजह से नाक में खुजली, बार-बार छींक आना, खांसी और गले में जलन जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। कुछ लोगों को सांस लेने में भी परेशानी होने लगती है। खासकर अस्थमा या एलर्जी से परेशान लोगों के लिए यह स्थिति गंभीर हो सकती है।

धूल की एलर्जी के कारण महिला की बिगड़ी तबीयत

डॉक्टरों के मुताबिक, 38 साल की एक महिला को बचपन से ही धूल से एलर्जी थी। पहले धूल के संपर्क में आने पर उसे छींक आने लगती थी, लेकिन दवा लेने के बाद आराम मिल जाता था। एक बार दिवाली की सफाई के दौरान उसने पूरे घर को एक ही दिन में साफ करने का फैसला किया।

इस दौरान महिला ने मास्क नहीं पहना और लगातार कई घंटों तक सफाई करती रही। कुछ समय बाद उसे तेज छींक और खांसी होने लगी। धीरे-धीरे उसकी सांस लेने की परेशानी बढ़ गई। हालत इतनी खराब हो गई कि उसके लिए चलना-फिरना भी मुश्किल हो गया।

जब उसे अस्पताल ले जाया गया, तो उसका ऑक्सीजन लेवल सिर्फ 85 प्रतिशत रह गया था। डॉक्टरों ने उसे अस्पताल में भर्ती किया और ऑक्सीजन के साथ जरूरी दवाएं दीं। जांच के बाद डॉक्टरों ने इसे एलर्जी से जुड़ी ब्रोंकाइटिस की समस्या बताया।

ये भी पढ़ें- क्या आप भी सुबह गर्लफ्रेंड को भेजते हैं ऐसे मैसेज? रिश्ते में बढ़ सकता है तनाव

दिवाली की सफाई करते समय इन बातों का रखें ध्यान

सफाई के दौरान थोड़ी सावधानी बरतकर एलर्जी और सांस से जुड़ी परेशानियों से बचा जा सकता है।

  • N95 मास्क पहनें: घर की सफाई शुरू करने से पहले अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क जरूर लगाएं। इससे हवा में मौजूद धूल के बारीक कणों से बचाव में मदद मिलती है।
  • एक दिन में पूरा घर साफ न करें: पूरे घर की सफाई एक साथ करने के बजाय इसे कुछ दिनों में बांट लें। हर दिन घर के एक हिस्से की सफाई करें।
  • बीच-बीच में आराम करें: लगातार कई घंटों तक सफाई करने से बचें। काम के बीच थोड़ा ब्रेक लें, ताकि शरीर पर ज्यादा दबाव न पड़े।
  • गीले कपड़े से साफ करें: धूल हटाने के लिए सूखे कपड़े या झाड़ू के बजाय गीले कपड़े का इस्तेमाल करें। इससे धूल हवा में कम उड़ती है। वैक्यूम क्लीनर से भी सफाई कर सकते हैं।
  • एलर्जी होने पर डॉक्टर की सलाह लें: अगर आपको पहले से धूल की एलर्जी, अस्थमा या सांस लेने से जुड़ी कोई समस्या है, तो सफाई शुरू करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।