कैंसर का इलाज करा रहे मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) ने 137 नॉन-शेड्यूल्ड एंटी-कैंसर दवाओं की नई अधिकतम खुदरा कीमतें (MRP) जारी कर दी हैं। नई दरों के मुताबिक, कुछ कैंसर दवाओं की कीमतों में 93 फीसदी तक की कमी की गई है। इससे मरीजों और उनके परिवारों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम हो सकता है। दवाओं की कीमतों में यह बदलाव 30 फीसदी ट्रेड मार्जिन की सीमा तय किए जाने के बाद किया गया है। नई कीमतें 9 नवंबर से लागू होंगी।

पाल्बोसिक्लिब की कीमत में सबसे बड़ी कटौती

कीमतों में सबसे ज्यादा कमी RPG लाइफ साइंसेज की पाल्बोप्रो दवा में देखने को मिली है। इसमें पाल्बोसिक्लिब नाम का साल्ट होता है, जिसका इस्तेमाल ब्रेस्ट कैंसर के कुछ मामलों में किया जाता है।

इस दवा के 125 mg वाले 21 कैप्सूल के पैक की कीमत पहले 40,421.33 रुपये थी। अब इसे घटाकर 2,720 रुपये कर दिया गया है, यानी मरीजों को इस पैक पर करीब 93.3 फीसदी कम कीमत चुकानी होगी।

इसी तरह समर्थ लाइफ साइंसेज की आईसोजेन दवा के 100 mg और 125 mg कैप्सूल भी करीब 91 फीसदी तक सस्ते हुए हैं।

एनास्ट्रोजोल दवा की कीमतों में भी बड़ी कमी की गई है। खंडेलवाल लैबोरेटरीज की वोमाजोल 1 mg की 10 टैबलेट वाली स्ट्रिप अब 458.85 रुपये के बजाय 39.52 रुपये में मिलेगी। वहीं RPG लाइफ साइंसेज की अनारजोल की कीमत 695.76 रुपये से घटाकर 73 रुपये कर दी गई है।

प्रोस्टेट कैंसर की दवा भी काफी सस्ती

प्रोस्टेट कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली अबिराटेरोन एसीटेट की कीमत में भी बड़ी कटौती हुई है।

अबिरालाइव 250 mg की 120 टैबलेट वाली बोतल पहले 28,000 रुपये की थी। अब इसकी कीमत 4,840 रुपये कर दी गई है। इस तरह दवा करीब 83 फीसदी सस्ती हुई है।

इसी साल्ट की एक दूसरी दवा अबिराट की कीमत भी 36,088.81 रुपये से घटकर 4,064.48 रुपये रह गई है। यानी मरीजों को एक पैक पर 32 हजार रुपये से ज्यादा की बचत होगी।

इसके अलावा थियोटेपा इंजेक्शन की सैमटेपा 100 mg वायल की कीमत 80,071.86 रुपये से घटाकर 7,150.33 रुपये कर दी गई है।

बेवासिजुमैब के अलग-अलग ब्रांड की कीमतों में बड़ा अंतर

कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली बेवासिजुमैब दवा के कई ब्रांड भी सस्ते किए गए हैं। इवजुमैब 400 mg वायल की कीमत 69,852.12 रुपये से घटकर 13,512 रुपये हो गई है। वहीं बेवासिजैब 400 mg की कीमत 65,205.09 रुपये से घटाकर 8,956.75 रुपये कर दी गई है।

सिजुमैब 400 mg की कीमत भी 57,816 रुपये से कम होकर 10,211 रुपये रह गई है। हालांकि, इसी दवा के दूसरे ब्रांड अवास्टिन की 400 mg वायल की कीमत करीब 1.24 लाख रुपये पर बनी हुई है। इससे साफ है कि एक ही दवा के अलग-अलग ब्रांड की कीमतों में काफी अंतर हो सकता है।

इन कैंसर दवाओं के दाम भी घटे

नई कीमतों की सूची में कई दूसरी महंगी दवाएं भी शामिल हैं।

  • पर्टुजुमैब की हर्टुमैब वायल की कीमत 94,951 रुपये से घटाकर 30,593 रुपये कर दी गई है।
  • पर्टुजुमैब के दूसरे ब्रांड लुपीहेर 420 mg की कीमत 83,520 रुपये से घटकर 37,358.35 रुपये रह गई है।
  • ओलापैरिब की ब्रैकाओन 150 mg की कीमत 46,364.05 रुपये से कम होकर 11,573.68 रुपये हो गई है।
  • पेग एल-एस्पैराजिन की कीमत 41,845.97 रुपये से घटाकर 7,766.85 रुपये कर दी गई है।
  • RPG लाइफ साइंसेज की डेब्रुमैब 60 mg इंजेक्शन की कीमत 22,031.25 रुपये से घटकर 5,941 रुपये रह गई है।
  • RPG की एनुटा 40 mg की 28 कैप्सूल वाली पैक अब 6,578.20 रुपये के बजाय 2,232 रुपये में मिलेगी।
  • डॉ. रेड्डीज की अज़ासाइटिन 100 mg इंजेक्शन की कीमत 6,337 रुपये से घटाकर 1,495.04 रुपये कर दी गई है।
  • एबॉट हेल्थकेयर की बेवासिजैब 100 mg/4 ml वायल की कीमत 21,767.70 रुपये से घटकर 5,930.13 रुपये हो गई है।
  • नैटको फार्मा की दासानैट 20 mg की कीमत 2,812.50 रुपये से कम होकर 1,085.93 रुपये रह गई है।
  • नियॉन लैबोरेटरीज की एरलीब 150 mg की कीमत 4,637.45 रुपये से घटाकर 2,008 रुपये कर दी गई है।
  • हेटेरो हेल्थकेयर की फ्लूडानॉक्स इंजेक्शन की कीमत 14,235 रुपये से घटकर 2,432 रुपये हो गई है।
  • RPG लाइफ साइंसेज की फुलब्रेका इंजेक्शन की कीमत 26,072.16 रुपये से घटाकर 5,491 रुपये कर दी गई है।

कीट्रूडा और टैग्रिसो जैसी दवाओं के दाम नहीं बदले

हालांकि, इस फैसले से सभी कैंसर दवाएं सस्ती नहीं हुई हैं। कुछ महंगी दवाओं की कीमत पहले जैसी ही रखी गई है।

इनमें कीट्रूडा भी शामिल है। इसमें पेम्ब्रोलिजुमैब होता है और इसकी 100 mg वायल की कीमत 2,16,500 रुपये पर बनी हुई है। टैग्रिसो की कीमत में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।

इसकी एक वजह यह हो सकती है कि इन दवाओं के बाजार में सीमित सप्लायर हैं और इनके मुकाबले दूसरे ब्रांड उपलब्ध नहीं हैं। कुछ ओरिजिनल ब्रांडेड दवाओं की कीमतें पहले से ही तय सीमा के आसपास थीं, इसलिए उनकी MRP में बदलाव की जरूरत नहीं पड़ी।

ये भी पढ़ें- अस्पतालों को बतानी होगी हर सेवा की कीमत, मरीजों की सुरक्षा के लिए सरकार का बड़ा कदम

27 दवाओं की नई कीमतों का इंतजार

NPPA की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, कुल 137 दवाओं में से 27 की संशोधित कीमतें कंपनियों की तरफ से जमा की गई फाइलिंग में अभी दर्ज नहीं थीं। इन दवाओं में अबेमासिक्लिब, कैबोजैन्टिनिब, डैब्राफेनिब, लाजर्टिनिब, सेलपर्सैटिनिब, सोरासिब और वेमुराफेनिब जैसे नाम शामिल हैं।