Romantic Relationship with AI Chatbot: आज के दौर में प्यार की तलाश पहले से ज्यादा डिजिटल हो गई है। लोग डेटिंग ऐप्स के जरिए नए रिश्ते बनाने की कोशिश करते हैं, लेकिन कई बार उन्हें घोस्टिंग, रिजेक्शन और अधूरी बातचीत का सामना करना पड़ता है। ऐसे में कुछ लोगों को AI चैटबॉट में एक नया साथी नजर आने लगा है।

AI चैटबॉट न सिर्फ आपकी बातें सुनते हैं, बल्कि आपकी पसंद-नापसंद याद रखते हैं और हर समय बातचीत के लिए उपलब्ध रहते हैं। यही वजह है कि कुछ लोग अब इंसानों के बजाय AI के साथ रोमांटिक रिश्ता बना रहे हैं।

AI चैटबॉट के साथ बढ़ रहा है प्यार

भारत समेत दुनिया के कई देशों में AI पार्टनर का चलन चर्चा में है। जापान की युरिना नोगुची का मामला इसका उदाहरण है, जिन्होंने ChatGPT की मदद से बनाए गए AI किरदार के साथ प्रतीकात्मक शादी की थी।

भारत में भी कुछ लोग AI को अपना रोमांटिक साथी मान रहे हैं। वहीं कुछ महिलाओं का ऐसा मानना है कि AI के साथ रिश्ते में उन्हें बिना किसी डर और झिझक के अपनी बातें कहने का मौका मिलता है। उनके मुताबिक, AI पार्टनर के साथ बार-बार यह सोचने की जरूरत नहीं पड़ती कि सामने वाला नाराज तो नहीं होगा या उनकी बातों को गलत समझेगा।

AI से प्यार करने के क्या हैं फायदे?

AI पार्टनर की सबसे बड़ी खासियत है कि वह बातचीत के लिए हमेशा उपलब्ध रहता है। यहां घोस्टिंग, अनदेखी और रिजेक्शन का डर कम महसूस होता है।इसके अलावा, कई AI प्लेटफॉर्म पर यूजर अपने पार्टनर की पर्सनैलिटी, बातचीत का अंदाज और पसंद भी तय कर सकते हैं। इससे धीरे-धीरे भावनात्मक जुड़ाव पैदा हो सकता है।

AI पार्टनर के साथ रिश्ते के खतरे भी हैं

हालांकि, AI के साथ रिश्ते के कुछ नुकसान भी हैं। एक स्टडी के मुताबिक, जरूरत से ज्यादा सहमति जताने वाला AI इंसानों को अपनी गलतियां पहचानने और रिश्तों में सुधार करने से दूर कर सकता है। इसलिए हर बात पर AI की सलाह को सही मानना समझदारी नहीं है। आखिरकार, AI को किसी भी रिश्ते की पूरी कहानी पता नहीं होती।

क्या AI इंसानी प्यार की जगह ले सकता है?

AI लोगों को भावनात्मक सहारा दे सकता है, उनकी बातें सुन सकता है और अकेलेपन को कुछ हद तक कम कर सकता है। लेकिन AI का जवाब देना और इंसान की तरह प्यार महसूस करना दो अलग बातें हैं। फिलहाल AI को इंसानी रिश्तों का विकल्प मानना जल्दबाजी होगी। यह किसी के लिए मनोरंजन है, तो किसी के लिए भावनात्मक सहारा और किसी के लिए रोमांटिक रिश्ता।

ये भी पढ़ें: दिल्ली के इन 5 बाजारों में करें दिवाली शॉपिंग, कम बजट में भर जाएगा पूरा बैग!