Jaggery And Tulsi: गुड़ और तुलसी का इस्तेमाल घरेलू नुस्खों के तौर पर किया जाता रहा है। खासकर सर्दी-जुकाम, खांसी और गले की खराश होने पर अक्सर गुड़ और तुलसी के सेवन की सलाह दी जाती है। ऐसा माना जाता है कि ये दोनों चीजें सांस से जुड़ी परेशानियों में राहत देने के साथ फेफड़ों को भी साफ करती हैं। लेकिन क्या इस दावे में कोई सच्चाई है? क्या गुड़ और तुलसी शरीर में जमा प्रदूषण के कणों को बाहर निकाल सकते हैं? आइए जानते है विस्तार से।

गुड़ खाने से फेफड़ों को मिलता है फायदा?

गुड़ में आयरन, मैग्नीशियम, पोटैशियम और कुछ एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। ज्यादातर इसका इस्तेमाल गले की खराश और खांसी में राहत पाने के लिए किया जाता है। कुछ लोगों को गुड़ खाने से गले की जलन और बलगम में आराम महसूस हो सकता है। हालांकि, गुड़ चीनी का ही एक रूप है और इसका अधिक सेवन ब्लड शुगर बढ़ा सकता है। इसके फेफड़ों को साफ करने का कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।

तुलसी सांस से जुड़ी परेशानियों में कितनी फायदेमंद?

तुलसी में कई प्राकृतिक पौधों से मिलने वाले यौगिक मौजूद होते हैं, जिनमें एंटीऑक्सीडेंट और सूजन कम करने वाले गुण पाए जाते हैं। पारंपरिक चिकित्सा में इसका इस्तेमाल खांसी, जुकाम और गले की परेशानी में किया जाता रहा है। हालांकि, तुलसी के सेवन से फेफड़ों में जमा प्रदूषण के कण बाहर निकल जाते हैं, इस दावे की पुष्टि करने वाले पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं।

क्या गुड़ और तुलसी फेफड़ों को डिटॉक्स करते हैं?

वहीं हेल्थ एक्सपर्ट की मानें तो, गुड़ और तुलसी से फेफड़ों को डिटॉक्स करने की धारणा एक आम गलतफहमी है। इनके सेवन से फेफड़ों में जमा प्रदूषक कण बाहर निकलते हैं या प्रदूषण से हुआ नुकसान ठीक हो जाता है, इसका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।

फेफड़े खुद कैसे करते हैं सफाई?

फेफड़ों में बलगम और सिलिया नामक बेहद छोटे बाल जैसी संरचनाएं होती हैं। ये सांस के साथ अंदर जाने वाले धूल और दूसरे कणों को रोकने और उन्हें बाहर निकालने में मदद करती हैं। लेकिन लंबे समय तक प्रदूषण के संपर्क में रहने से यह प्राकृतिक सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इससे सूजन और सांस संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ता है।

फेफड़ों को स्वस्थ रखने के लिए क्या करें?

गुड़ और तुलसी को संतुलित मात्रा में खान-पान में शामिल किया जा सकता है, लेकिन इन्हें फेफड़ों की सफाई का इलाज न समझें। प्रदूषण से बचने के लिए खराब एयर क्वालिटी में बाहर निकलने से बचें, जरूरत पड़ने पर अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क पहनें और घर के अंदर की हवा को साफ रखने का प्रयास करें। सांस लेने में लगातार परेशानी होने पर डॉक्टर से सलाह लें।

Disclaimer: यह खबर मात्र जानकारी देने के लिए दी गई है। इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या के लिए डॉक्टर से परामर्श जरूर करें।

ये भी पढ़ें: सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका! ओडिशा ASO के 340 पदों पर भर्ती शुरू, ऐसे करें अप्लाई