Gujarat news: आज गुजरात में नया साल मनाया जा रहा है, जो विक्रम संवत 2083 कैलेंडर वर्ष की शुरुआत का प्रतीक है। इस अवसर पर प्रार्थना करने और जश्न मनाने के लिए श्रद्धालु बनासकांठा जिले के अंबाजी मंदिर पहुंच रहे हैं। गुजराती नव वर्ष के शुभ अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी ने शुभकामनाएं दी हैं।

नववर्ष की बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के माध्यम से देशवासियों और गुजराती समुदाय को गुजराती नववर्ष (बेस्टू वर्ष / विक्रम संवत 2083) की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने कामना की है कि नया साल सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, अच्छा स्वास्थ्य, उमंग और नया उत्साह लेकर आए। इसके साथ ही गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी गांधीनगर के श्री पंचदेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों को नववर्ष की बधाई दी है।

बेस्टू वर्ष पर पीएम का संदेश

प्रधानमंत्री ने लिखा, “नूतन वर्षाभिनंदन। नए साल की यह शुभ शुरुआत आप सभी के जीवन में खुशी, शांति, समृद्धि और खुशहाली की नई उम्मीदें लेकर आए। मेरी हार्दिक शुभकामनाएँ हैं कि आप सभी का जीवन उत्तम स्वास्थ्य, आनंद और उत्साह से भरा रहे।

विक्रम संवत 2083 का आगाज

आज दीपावली के अगले दिन कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से विक्रम संवत 2083 की बेहतरीन शुरुआत हुई है। सनातन परंपरा में बेस्टू वर्ष को अत्यंत पवित्र माना जाता है। इस दिन लोग पुराने वर्ष को विदाई देकर नए साल का स्वागत करते हैं। श्रद्धालु अपने आराध्य देव के दर्शन कर पूरे वर्ष सुख-शांति, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना करते हैं। साथ ही अच्छे विचारों, सत्कर्म और सेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प भी लेते हैं। 

यह भी पढ़ें: दिल्ली की यमुना में नमो क्रूज की सौगात, CM रेखा गुप्ता ने दिया छठ से पहले बड़ा तोहफा