बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की बेटी साइमा वाजेद ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र की एरिया डायरेक्टर की जिम्मेदारी से इस्तीफा दे दिया है। जब उनके खिलाफ WHO और बांग्लादेश की भ्रष्टाचार जांच एजेंसी की ओर से फाइनेंशियल इरेगुलेरिटी और अन्य आरोपों की जांच चल रही थी। हालांकि, साइमा वाजेद ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है।
1 फरवरी 2024 से संभाला था पद
साइमा वाजेद ने 1 फरवरी 2024 को WHO के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र की एरिया डायरेक्टर के तौर पर कार्यभार संभाला था, उन्हें इस पद के लिए पांच साल का कार्यकाल मिला था, जो जनवरी 2029 में पूरा होना था। WHO के आधिकारिक रिकॉर्ड में भी उनके कार्यकाल की शुरुआत 1 फरवरी 2024 से दर्ज है।
लंबे समय से प्रशासनिक अवकाश पर थीं वाजेद
साइमा वाजेद को जुलाई 2025 में प्रशासनिक अवकाश पर भेज दिया गया था। यह कार्रवाई उस समय हुई, जब बांग्लादेश की भ्रष्टाचार निरोधक संस्था ने उनके खिलाफ कुछ आरोपों की जांच शुरू की थी। रिपोर्ट के मुताबिक, उन पर चीन की यात्रा से जुड़े खर्च में कथित वित्तीय धोखाधड़ी, एजुकेशन क्वालिफिकेशन से संबंधित गलत जानकारी देने और बांग्लादेश में जमीन के एक प्लॉट को लेकर अनियमितता के आरोप लगाए गए थे। WHO की ओर से भी उनके खिलाफ जांच की गई। इस दौरान WHO ने भी मामले की आंतरिक जांच की। प्रशासनिक अवकाश पर रहने की वजह से वाजेद करीब एक साल तक अपने पद की नियमित जिम्मेदारियां नहीं निभा सकीं और उन्हें वेतन भी नहीं मिल रहा था।
वाजेद ने आरोपों लेकर कही ये बात
वाजेद ने चीन यात्रा से जुड़े आरोपों को जानबूझकर की गई किसी वित्तीय गड़बड़ी का मामला मानने से इनकार किया, उनके मुताबिक, लगभग 901 डॉलर के यात्रा खर्च से जुड़ा विवाद एक कर्मचारी की प्रशासनिक गलती के कारण पैदा हुआ था। अपनी शैक्षणिक योग्यता पर उठे सवालों को लेकर भी उन्होंने सफाई दी। वाजेद का कहना है कि ऑटिज्म के क्षेत्र में उनके काम के लिए उन्हें मानद डॉक्टरेट की उपाधि मिली है और उन्होंने WHO के वरिष्ठ अधिकारियों को इसके बारे में जानकारी दी थी।
इस्तीफे में WHO नेतृत्व पर उठाए सवाल
अपने इस्तीफे में साइमा वाजेद ने WHO के नेतृत्व के प्रति भरोसा कम होने की बात कही है, उन्होंने लंबे समय तक बिना वेतन प्रशासनिक अवकाश पर रहने से पैदा हुई आर्थिक परेशानियों का भी उल्लेख किया। वाजेद के मुताबिक, उन्हें दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र के देशों की सेवा करने के उद्देश्य से क्षेत्रीय निदेशक चुना गया था, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में वह अपनी जिम्मेदारियों को उस प्रभावी तरीके से पूरा नहीं कर पा रही थीं, जिसकी उनसे अपेक्षा थी। इसी कारण उन्होंने पद छोड़ने का निर्णय लिया।
ये भी पढ़ें- जेलेंस्की के विमान से टकराने वाला था ड्रोन, नार्वे के PM ने बताई चौंकाने वाली घटना
अब नए एरिया डायरेक्टर का होगा चुनाव
साइमा वाजेद के इस्तीफे के बाद WHO के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र के लिए नए एरिया डायरेक्टर के चयन की प्रक्रिया शुरू होगी। रिपोर्टों के अनुसार, नए उम्मीदवारों के लिए नामांकन अक्टूबर में शुरू होने की संभावना है, जबकि चुनाव जनवरी में कराया जा सकता है।