नार्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे ने बुधवार को दावा किया कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदोमीर जेलेंस्की को लेकर नार्वे जा रहा विमान मंगलवार को एक ड्रोन की चपेट में आने से बेहद करीब से बच गया। यह घटना उस समय हुई, जब विमान मोल्दोवा से उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था।
उड़ान से पहले जेलेंस्की के विमान के करीब पहुंचा ड्रोन
स्टोरे के मुताबिक, विमान के उड़ान भरने से ठीक पहले ड्रोन उसके बेहद करीब पहुंच गया था। उन्होंने कहा कि यह घटना इस बात को दर्शाती है कि यूक्रेनी राष्ट्रपति किस तरह के सुरक्षा जोखिमों के बीच लगातार यात्रा कर रहे हैं। हालांकि, नार्वे के प्रधानमंत्री ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उन्हें इस घटना की जानकारी किस स्रोत से मिली, उन्होंने यह भी नहीं बताया कि ड्रोन विमान से कितनी दूरी पर था या दोनों के बीच टक्कर का खतरा कितना गंभीर था।
नार्वे के राजा हेराल्ड पंचम के अंतिम संस्कार में शामिल हुए जेलेंस्की
जेलेंस्की बुधवार को नार्वे के राजा हेराल्ड पंचम के अंतिम संस्कार में शामिल हुए, उन्होंने मध्य ओस्लो में दुनिया के कई अन्य राष्ट्राध्यक्षों के साथ अंतिम यात्रा में हिस्सा लिया और राजा के ताबूत के पीछे मार्च किया। अंतिम संस्कार की रस्में पूरी होने के कुछ ही समय बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति नार्वे से रवाना हो गए।
ब्रिटिश नागरिक पर रूसी सैन्य खुफिया से संपर्क का आरोप
ब्रिटेन में अभियोजकों ने बुधवार को एक 31 वर्षीय नागरिक पर रूसी सैन्य खुफिया एजेंसी से जुड़े संगठन के साथ संपर्क रखने का आरोप लगाया है। क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस के अनुसार, जोशुआ कैमिज पर आरोप है कि उसने कथित तौर पर जीआरयू वालंटियर कोर के एक प्रतिनिधि के साथ बातचीत की और उससे निर्देश हासिल किए। अधिकारियों के मुताबिक, यह संगठन रूस की सैन्य खुफिया एजेंसी जीआरयू के नियंत्रण में काम करता है। कैमिज को गुरुवार को वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया जाएगा। उसे 4 सितंबर को स्विंडन से गिरफ्तार किया गया था। अभियोजन पक्ष के अनुसार, उसके खिलाफ आरोप लंदन की आतंकवाद-रोधी पुलिस द्वारा की गई जांच के बाद तय किए गए हैं। मामले पर लंदन स्थित रूसी दूतावास की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।