बलूचिस्तान: पाकिस्तान के बलूचिस्तान के खुजदार जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में पांच नागरिकों की मौत की खबर है। इनमें 13 साल का एक बच्चा भी शामिल है। स्थानीय सूत्रों और बलूचिस्तान नेशनल पार्टी (BNP) ने इन घटनाओं के लिए पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को जिम्मेदार ठहराया है।
FC के जवानों ने रिहायशी मकान पर छापा मारा
द बलूचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, वाध तहसील में रात करीब 10 बजे Frontier Corps (FC) के जवानों ने कथित तौर पर एक रिहायशी मकान पर छापा मारा। इस दौरान चार लोगों की मौत होने की बात सामने आई है, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल बताई गई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और क्वेटा-कराची हाईवे को जाम कर दिया। BNP ने आरोप लगाया कि सोनारो पाट नाडी और किल्ली यार मोहम्मद इलाके में FC जवानों ने नागरिकों पर कथित तौर पर अंधाधुंध गोलीबारी की। पार्टी ने मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
गोलीबारी में कई नागरिकों के घायल होने का दावा
बलूच यकजेहती कमेटी (BYC) की नेता डॉ. सबीहा बलोच ने भी गोलीबारी में कई नागरिकों के घायल होने का दावा किया। उनके मुताबिक, घायलों में सात साल का एक बच्चा भी शामिल है।
वहीं, जिहरी के बलबल इलाके में एक दिन पहले हुए विस्फोट में 13 वर्षीय बच्चे की मौत की अलग घटना सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, विस्फोट में 10 से ज्यादा भेड़-बकरियां भी मारी गईं।
बलूचिस्तान में जबरन गुमशुदगी, कथित मनमानी गिरफ्तारी और लक्षित हत्याओं को लेकर लंबे समय से विवाद बना हुआ है। स्थानीय संगठनों और राजनीतिक समूहों की ओर से सुरक्षा अभियानों और नागरिकों के अधिकारों को लेकर लगातार सवाल उठाए जाते रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 'जब मैं कुछ कहता हूं तो करके दिखाता हूं...', ट्रंप का बड़ा दावा- हर Adult को मिलेगा 5,000 डॉलर!