नई दिल्ली: भारत,जापान और बेल्जियम के रक्षा मंत्रियों के बीच शुक्रवार को सोशल मीडिया के जरिए कूटनीति का एक अनोखा और दिलचस्प अंदाज देखने को मिला। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी और बेल्जियम के रक्षा मंत्री थियो फ्रांकेन के बीच शुभकामनाओं का यह सिलसिला चर्चा में रहा।

दरअसल, गुरुवार को नई दिल्ली में राजनाथ सिंह और बेल्जियम के रक्षा मंत्री थियो फ्रांकेन के बीच मुलाकात हुई। इस दौरान फ्रांकेन ने जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी की ओर से राजनाथ सिंह को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कोइजुमी पिछले महीने ही राजकीय यात्रा पर भारत आए थे।

इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद जापानी रक्षा मंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर पूरे घटनाक्रम पर खुशी जताई और राजनाथ सिंह को धन्यवाद दिया।

कोइजुमी ने लिखा कि जब उन्होंने जापान में बेल्जियम के रक्षा मंत्री थियो फ्रांकेन से मुलाकात की थी, तब उन्होंने उनसे कहा था कि यदि वह भारत जाएं तो राजनाथ सिंह को उनकी ओर से शुभकामनाएं जरूर दें। उन्होंने कहा कि फ्रांकेन ने भारत यात्रा के दौरान राजनाथ सिंह से हुई बातचीत में उनकी शुभकामनाओं का जिक्र किया।

फ्रांकेन ने सुनाया कोइजुमी का संदेश

राजनाथ सिंह और थियो फ्रांकेन की द्विपक्षीय बैठक के वीडियो में बेल्जियम के रक्षा मंत्री को यह कहते हुए सुना गया कि वह जापान से आ रहे हैं और जापान के रक्षा मंत्री ने उन्हें राजनाथ सिंह के लिए गर्मजोशी भरी शुभकामनाएं देने को कहा था।

फ्रांकेन ने कहा कि कोइजुमी ने उन्हें सुबह संदेश भेजकर याद दिलाया था कि वे राजनाथ सिंह को अपनी शुभकामनाएं देना न भूलें। इस पर राजनाथ सिंह ने उनका धन्यवाद किया।

राजनाथ सिंह ने जताया आभार

जापानी रक्षा मंत्री की शुभकामनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए राजनाथ सिंह ने एक्स पर उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि संदेश उन्हें मिल गया है और बेल्जियम के रक्षा मंत्री की भारत यात्रा के दौरान उसका उचित रूप से जवाब भी दिया गया।

राजनाथ सिंह ने भारत और जापान के बीच गहरे संबंधों को और मजबूत करने की उम्मीद जताते हुए कहा कि वह अपनी अगली जापान यात्रा के दौरान दोनों देशों की साझेदारी को और आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।

‘कोनिचिवा कोइजुमी सैन’ से शुरू हुआ था सिलसिला

भारत और जापान के रक्षा मंत्रियों के बीच यह दोस्ताना सोशल मीडिया संवाद पिछले महीने से ही चर्चा में था। जापानी रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी की भारत यात्रा के दौरान राजनाथ सिंह ने उनका जापानी भाषा में स्वागत करते हुए लिखा था- “कोनिचिवा कोइजुमी सैन!”

इसके जवाब में कोइजुमी ने हिंदी में “नमस्ते!” कहा था। दोनों नेताओं के बीच सोशल मीडिया पर हुई इस दोस्ताना बातचीत ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया था।

भारत-जापान रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर जोर

पिछले महीने भारत दौरे के दौरान राजनाथ सिंह और शिंजिरो कोइजुमी ने उच्चस्तरीय वार्ता की थी। दोनों नेताओं ने रक्षा और रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई थी।

बैठक में रक्षा सहयोग बढ़ाने, सैन्य क्षेत्र में बेहतर तालमेल, रक्षा विनिर्माण को बढ़ावा देने और समुद्री सुरक्षा मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई थी। दोनों देशों ने स्वतंत्र, खुले और लचीले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के महत्व पर भी जोर दिया था।

भारत-बेल्जियम रक्षा संबंधों को विस्तार देने की पहल

वहीं, गुरुवार को राजनाथ सिंह ने भारत और बेल्जियम के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में दुनिया “बड़े भू-राजनीतिक और आर्थिक उथल-पुथल” से गुजर रही है और ऐसे समय में दोनों देशों के बीच साझेदारी को और व्यापक बनाने की काफी संभावनाएं हैं।

नई दिल्ली में आयोजित भारत-बेल्जियम रक्षा मंत्रियों की बैठक में राजनाथ सिंह ने दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत और बेल्जियम की साझेदारी आपसी सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नियम आधारित वैश्विक व्यवस्था के प्रति साझा प्रतिबद्धता पर आधारित है।

बेल्जियम के रक्षा मंत्री थियो फ्रांकेन प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर के साथ 2 से 4 सितंबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। उन्होंने बेल्जियम के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।

यह भी पढ़ें: Balochistan Attack: BLA का दावा- दो ऑपरेशनों में 25 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए