कई बार हमारी अलमारी कपड़ों से भरी होती है, लेकिन फिर भी समझ नहीं आता कि किस जैकेट के साथ कौन-से जूते अच्छे लगेंगे या किसी खास मौके पर क्या पहनना चाहिए। इसी उलझन को दूर करने के लिए Meta ने Style Sketch नाम का नया AI फैशन ऐप पेश किया है। इसकी खास बात यह है कि यह आपको नए कपड़े खरीदने की सलाह देने के बजाय आपकी अलमारी में पहले से मौजूद कपड़ों से ही नए और आकर्षक आउटफिट तैयार करने में मदद करता है। आइए जानते हैं कि यह ऐप कहां उपलब्ध है और किस तरह काम करता है।

इन देशों में कर सकते हैं ऐप का इस्तेमाल

Meta का Style Sketch ऐप फिलहाल Android और iOS यूजर्स के लिए कुछ चुनिंदा देशों में उपलब्ध है। इसे Google Play Store और Apple App Store से डाउनलोड किया जा सकता है। अभी यह ऐप इंडोनेशिया, सिंगापुर और थाईलैंड जैसे बाजारों में उपलब्ध है। हालांकि, भारत में रहने वाले यूजर्स को इसके लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है। Meta ने भारत या दूसरे देशों में इसकी लॉन्चिंग को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

Instagram से तैयार होगी आपकी डिजिटल अलमारी

Style Sketch की सबसे दिलचस्प सुविधा इसकी डिजिटल वार्डरोब है। इसके जरिए यूजर्स अपने Instagram अकाउंट को ऐप से जोड़ सकते हैं। ऐसा करने पर ऐप Instagram पर शेयर की गई तस्वीरों से कपड़ों की पहचान करके उनकी एक डिजिटल लिस्ट तैयार करने में मदद करता है।

अगर आपकी अलमारी में कोई ऐसा कपड़ा है जिसकी फोटो Instagram पर नहीं है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप उसकी तस्वीर खुद अपलोड कर सकते हैं। इसके लिए फोन की गैलरी, कैमरा रोल या वीडियो का इस्तेमाल किया जा सकता है। इस तरह आपकी अलमारी में मौजूद जैकेट, शर्ट, पैंट, जूते और दूसरे कपड़ों का एक डिजिटल कलेक्शन तैयार हो जाता है। इसके बाद इन्हीं चीजों को मिलाकर अलग-अलग आउटफिट के आइडिया मिल सकते हैं।

मौसम और ट्रिप के हिसाब से भी मिलेंगे आउटफिट आइडिया

यह ऐप सिर्फ रोजाना पहनने के लिए कपड़ों के कॉम्बिनेशन नहीं सुझाता। अगर आप कहीं घूमने जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो अपनी ट्रिप की जगह, कितने दिनों के लिए जा रहे हैं और वहां के मौसम की जानकारी देकर आउटफिट के सुझाव ले सकते हैं।

इसके अलावा, ऐप उन कपड़ों को भी इस्तेमाल करने के सुझाव देता है जिन्हें आप कम पहनते हैं। उदाहरण के लिए, अलमारी में लंबे समय से रखी जैकेट या फुटवियर को दूसरे कपड़ों के साथ किस तरह पहनना है, इसके नए आइडिया मिल सकते हैं।

यूजर्स ऐप पर फैशन ट्रेंड और अलग-अलग स्टाइल भी देख सकते हैं। अगर कोई लुक पसंद आता है, तो वे अपनी अलमारी में मौजूद कपड़ों से वैसा ही स्टाइल बनाने की कोशिश कर सकते हैं। इतना ही नहीं, पसंद के दो आउटफिट चुनकर दोस्तों के साथ शेयर भी कर सकते हैं और उनसे राय ले सकते हैं।

बॉडी शेप और स्किन टोन के हिसाब से दिखेगा आउटफिट

Style Sketch में AI की मदद से आउटफिट का वर्चुअल प्रीव्यू देखने की सुविधा भी दी गई है। ऐप यूजर के बॉडी शेप और स्किन टोन को ध्यान में रखकर एक वर्चुअल मॉडल पर चुने गए कपड़ों का लुक दिखाता है। इससे कपड़े पहनने से पहले ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि अलग-अलग चीजों को साथ पहनने पर लुक कैसा नजर आएगा। यानी अब किसी खास मौके के लिए कपड़े चुनते समय बार-बार अलग-अलग कॉम्बिनेशन ट्राई करने की जरूरत कम हो सकती है।

ये भी पढ़ें-WhatsApp यूजर्स की मौज! ग्रुप चैट में आए ये नए फीचर्स, जानिए क्या-क्या बदला