कर्नाटक: कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले के सागर तालुक में बसवनहोल डैम के पास रविवार सुबह कर्नाटक स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (KSRTC) की एक बस सड़क किनारे बने पैरापेट से टकराकर पलट गई, जिसमें ड्राइवर समेत 42 यात्रियों को मामूली चोटें आईं।

ड्राइवर समेत बस में 42 लोग सवार

इस हादसे के संबंध में पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा नेशनल हाईवे पर सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। जब बेंगलुरु से सागर की ओर जा रही बस सड़क किनारे बने पैरापेट से टकराकर पलट गई। पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त ड्राइवर समेत बस में 42 लोग सवार थे। इस हादसे में किसी की जान जाने की सूचना नहीं मिली है और यात्रियों को मामूली चोटें आईं हैं। लेकिन इस हादसे में बस पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। इस घटना को लेकर सागर ग्रामीण पुलिस स्टेशन की पुलिस ने मौके पर जाकर जांच शुरू कर दी है।

एक रेस्टोरेंट से टकराने से 2 लोगों की मौत 

इस बीच, महाराष्ट्र के जालना में एक और मामले में, पुलिस ने रविवार को बताया कि तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक के फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़कर सड़क किनारे बने एक रेस्टोरेंट से टकराने से 2 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा नूतन वसाहत को शनि मंदिर इलाके से जोड़ने वाले फ्लाईओवर पर हुआ। कंटेनर ट्रक अंबड़ चौफुली से नूतन वसाहत की ओर जा रहा था, तभी वह फ्लाईओवर से गिरकर नीचे एकता ढाबे पर जा गिरा।हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस वाले तुरंत मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।