इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली मशहूर कंपनी Tesla अपने नए फीचर्स और टेक्नोलॉजी को लेकर अक्सर चर्चा में रहती है। कंपनी समय-समय पर अपनी गाड़ियों में ऐसे बदलाव करती रहती है, जो लोगों का ध्यान खींच लेते हैं। इस बार Tesla की लोकप्रिय इलेक्ट्रिक SUV Model Y अपने एक खास फीचर को लेकर सुर्खियों में है। दरअसल, कंपनी ने हैलोवीन के मौके पर इसमें Ghost Mode नाम का एक खास फीचर पेश किया है, जो कार को डरावना लुक देता है।

Ghost Mode ऑन करते ही बदल जाएगा कार का अंदाज

Tesla Model Y में दिए गए Ghost Mode को कार की टचस्क्रीन से चालू किया जा सकता है। इसे एक्टिव करते ही गाड़ी की लाइट्स और साउंड सिस्टम का अंदाज बदल जाता है। कार की आगे और पीछे लगी LED लाइट्स अलग-अलग पैटर्न में चमकने लगती हैं। इतना ही नहीं, गाड़ी के बाहरी स्पीकर्स से डरावनी आवाजे, हवा चलने जैसी ध्वनि और भूतिया हंसी सुनाई देती है। इससे कार के आसपास मौजूद लोगों को ऐसा महसूस हो सकता है, जैसे कोई हॉरर फिल्म का सीन चल रहा हो।

कार की स्क्रीन पर भी दिखेंगे डरावने नजारे

Ghost Mode का असर सिर्फ कार के बाहर ही नहीं, बल्कि अंदर भी देखने को मिलता है। इस मोड को चालू करने पर कार की स्क्रीन पर दिखाई देने वाला सामान्य 3D मॉडल बदलकर भूतिया अंदाज में नजर आता है। इसके साथ ही नेविगेशन स्क्रीन की थीम भी डरावनी हो जाती है। वहीं, कार के अंदर लगी एम्बिएंट लाइट्स लाल और बैंगनी रंग में चमकने लगती हैं। इससे रात के समय कार के अंदर बैठने वाले लोगों को अलग ही अनुभव मिलता है।

सेफ्टी फीचर्स में भी दिखेगा नया अंदाज

Tesla ने इस खास थीम में कार के कैमरा और ड्राइविंग विजुअल्स को भी अलग रूप दिया है। आमतौर पर कार की स्क्रीन पर आसपास चल रही गाड़ियां, पैदल यात्री और साइकिल सवार 3D ग्राफिक्स के रूप में दिखाई देते हैं। Ghost Mode में इन ग्राफिक्स को भी डरावना रूप दिया जाता है। स्क्रीन पर पैदल यात्रियों के आसपास भूत और कद्दू जैसे Halloween थीम वाले विजुअल्स दिखाई दे सकते हैं। हालांकि, इन बदलावों का मकसद सिर्फ मनोरंजन है। कार के जरूरी सेफ्टी सिस्टम और सेंसर पहले की तरह काम करने के लिए बनाए गए हैं।

ये भी पढ़ें- नए अवतार में लॉन्च हुई Tata Punch, 6 एयरबैग और टर्बो इंजन के साथ हुई पेश; जानें कीमत और फीचर्स

कारों का भविष्य अब सॉफ्टवेयर पर भी निर्भर

Tesla का यह फीचर दिखाता है कि आने वाले समय में कारों में सिर्फ इंजन, बैटरी और डिजाइन ही खास नहीं होंगे, बल्कि सॉफ्टवेयर भी बड़ी भूमिका निभाएगा। अब कंपनियां सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए कार में नए फीचर्स और मनोरंजन के विकल्प जोड़ सकती हैं। इसके लिए हर बार गाड़ी में कोई नया हार्डवेयर लगाने की जरूरत नहीं होती।