आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने डिजिटल दुनिया में कई काम आसान किए हैं, लेकिन इसके साथ साइबर अपराधों का खतरा भी तेजी से बढ़ा है। अब अपराधी AI टूल्स की मदद से कम समय में बड़ी संख्या में लोगों और कंपनियों को निशाना बना सकते हैं। साल 2026 में यह चुनौती और गंभीर हो गई है। AI के जरिए नकली ईमेल, आवाज और वीडियो तैयार करना आसान हो गया है, जिससे असली और फर्जी कंटेंट के बीच अंतर करना मुश्किल होता जा रहा है।
इसके अलावा, AI एजेंट के बढ़ते इस्तेमाल से संवेदनशील डेटा तक अनधिकृत पहुंच और डिजिटल सिस्टम की कमजोरियों का फायदा उठाए जाने का जोखिम भी बढ़ा है। ऐसे में केवल मजबूत पासवर्ड और एंटीवायरस के भरोसे डेटा सुरक्षित रखना पर्याप्त नहीं है।
39 सेकंड में डेटा चोरी कर सकते हैं साइबर अपराधी
साइबर सुरक्षा के मामले में हमलों की बढ़ती रफ्तार बड़ी चिंता बन गई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती पहुंच हासिल करने के बाद हमलावर महज 39 सेकंड में डेटा चोरी करने तक पहुंच सकते हैं। इतनी कम अवधि में कंपनियों के पास खतरे की पहचान करने और जरूरी कदम उठाने का समय बेहद सीमित रह जाता है।
इसलिए कंपनियों को हमलों से बचाव के साथ-साथ नुकसान को नियंत्रित करने और प्रभावित सिस्टम को जल्द बहाल करने की तैयारी भी रखनी चाहिए।
नकली आवाज और ईमेल से बढ़ी धोखाधड़ी
AI की मदद से अपराधी किसी अधिकारी या परिचित व्यक्ति की आवाज की नकल कर सकते हैं। इसके जरिए कर्मचारियों को पैसे ट्रांसफर करने या गोपनीय जानकारी साझा करने के लिए फंसाया जा सकता है। इसी तरह व्यक्तिगत जानकारी के आधार पर ऐसे फर्जी ईमेल तैयार किए जा सकते हैं, जो देखने में पूरी तरह असली लगते हैं।
इससे बचने के लिए पैसों के लेन-देन, पासवर्ड बदलने और संवेदनशील जानकारी मांगने वाले अनुरोधों की किसी दूसरे माध्यम से पुष्टि करना जरूरी है।
साइबर हमलों से बचने के ये जरूरी तरीके
AI सिस्टम की करें निगरानी
कंपनियों को अपने AI टूल्स और डिजिटल नेटवर्क पर लगातार नजर रखनी चाहिए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि का समय रहते पता लगाने से संभावित नुकसान कम किया जा सकता है।
सीमित दें एक्सेस
कर्मचारियों को केवल उनके काम से जुड़ी फाइलों और सिस्टम तक पहुंच मिलनी चाहिए। इससे किसी अकाउंट के हैक होने पर पूरे नेटवर्क को खतरा कम होगा।
नेटवर्क को अलग-अलग हिस्सों में बांटें
नेटवर्क सेगमेंटेशन के जरिए कंपनी के डिजिटल सिस्टम को अलग-अलग हिस्सों में रखा जा सकता है। इससे एक हिस्से पर हमला होने की स्थिति में दूसरे हिस्सों को सुरक्षित रखने में मदद मिलती है।
नियमित सुरक्षा जांच करें
समय-समय पर सिस्टम का सिक्योरिटी ऑडिट और वल्नरेबिलिटी टेस्ट करना चाहिए। इससे कमजोरियों की पहचान करके उन्हें समय रहते ठीक किया जा सकता है।
डेटा बैकअप और रिकवरी प्लान बनाएं
जरूरी फाइलों का सुरक्षित बैकअप रखना चाहिए। साथ ही साइबर हमले के बाद डेटा वापस पाने और सिस्टम को दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया का नियमित अभ्यास करना चाहिए।
ये भी पढ़ें- बार-बार केबल रखने की झंझट खत्म! Stuffcool के नया पावर बैंक लॉन्च;एक साथ चार्ज होंगे लैपटॉप और स्मार्टफोन
सतर्कता से कम होगा साइबर हमलों का खतरा
AI के दौर में साइबर अपराधों से बचने के लिए तकनीकी सुरक्षा के साथ कर्मचारियों की जागरूकता भी जरूरी है। कंपनियों को अपनी सुरक्षा नीतियां अपडेट रखनी चाहिए और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। सही तैयारी से डेटा चोरी के जोखिम और साइबर हमलों से होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।