Nokia HMD 2660 Flip Senior Edition: अब बुजुर्गों का फोन सिर्फ कॉल करने और मैसेज भेजने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उनसे बातें भी करेगा, कहानियां सुनाएगा और याददाश्त तेज करने वाले गेम भी खिलाएगा। Nokia ब्रांड के फोन बनाने वाली कंपनी HMD ने अपना नया HMD 2660 Flip Senior Edition पेश किया है। इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसका Mary AI असिस्टेंट है, जिसे खास तौर पर बुजुर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखकर शामिल किया गया है।
Mary AI से होगी दोस्त जैसी बातचीत
HMD ने इस फोन को AI कंपनी inTouch के साथ मिलकर तैयार किया है। इसमें Mary AI पहले से मौजूद है, इसलिए यूजर्स को अलग से कोई ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। फोन के मेन्यू में जाकर Mary को चुनें और कॉल बटन दबाकर बातचीत शुरू करें। यह असिस्टेंट सामान्य बातचीत करने, मजेदार कहानियां सुनाने और मेमोरी गेम खेलने में मदद करता है। खास बात यह है कि Mary बातचीत के दौरान साझा की गई कुछ जानकारियों को याद रख सकता है, जिससे आगे की बातचीत ज्यादा व्यक्तिगत बन सकती है। अकेले समय बिताने वाले बुजुर्गों के लिए यह फीचर उपयोगी साबित हो सकता है।
बड़े बटन और डुअल स्क्रीन का साथ
HMD 2660 Flip Senior Edition में 2.8 इंच की QVGA मुख्य डिस्प्ले और 1.77 इंच की बाहरी स्क्रीन दी गई है। इसमें Unisoc T107 प्रोसेसर, 48MB RAM और 128MB इंटरनल स्टोरेज मिलती है। माइक्रोएसडी कार्ड से स्टोरेज को 32GB तक बढ़ाया जा सकता है। फोटोग्राफी के लिए VGA रियर कैमरा और LED फ्लैश मिलता है। साथ ही वायरलेस FM रेडियो, MP3 प्लेयर और 3.5mm हेडफोन जैक भी दिया गया है। बड़े फिजिकल बटन और आसान इंटरफेस इसे इस्तेमाल करना सरल बनाते हैं।
बैटरी और कीमत भी जान लीजिए
फोन में 1,450mAh की रिमूवेबल बैटरी, 4G VoLTE, Bluetooth 4.2 और USB Type-C पोर्ट मिलता है। यह S30+ ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है कीमत की बात करें तो ब्रिटेन में इसे 79.99 पाउंड (करीब 10,160 रुपये) में उपलब्ध कराया गया है। फिलहाल इसकी उपलब्धता ब्रिटेन में बताई गई है। Mary AI इस साधारण दिखने वाले फ्लिप फोन को खास बनाता है। हालांकि, भारत में इसकी लॉन्चिंग और उपलब्धता को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं है।
ये भी पढ़ें: ऑफिस में मीठी बातें, दिल में जलन? ऐसे लोगों को इस तरीके से करें सीधा