उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक होटल का चैंबर साफ करने उतरे चार मजदूरों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चैंबर के अंदर दम घुटने से चारों मजदूरों की जान चली गई।
बताया जा रहा है कि चारों मजदूर होटल के चैंबर की सफाई करने के लिए अंदर उतरे थे। इसी दौरान वे अंदर फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। हालांकि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और मजदूरों को बाहर निकाला गया।
कैसे हुआ हादसा?
दरअसल, ये घटना देवास रोड के एक होटल की है। यहां फूड वेस्ट के ओवरग्राउंड चैंबर में सफाई के दौरान जहरीली गैस से सफाईकर्मियों की मौत हुई है। वेस्टेज चैंबर मिठाई दुकानों की यूनिट से निकलने वाले कचरे, पानी, चाशनी, घी-तेल आदि के अवशेष को इकट्ठा करने वाला टैंक होता है। रात को कर्मचारी इसी की की सफाई के लिए उतरे थे।
देवास रोड के होटल में फूड वेस्ट का बड़ा टैंक या चैंबर बना हुआ है। हमेशा की तरह शनिवार रात होटल के कर्मचारी और अन्य कुछ लोग उसकी सफाई कर रहे थे। इस दौरान फैर फिसलने से एक कर्मचारी चैंबर में चला गया, जिसके बाद उसे बचाने में दूसरे लोग भी उसी चैंबर में जा गिरे, जहां जहरीली गैस थी।
मुख्यमंत्री ने मुहावजे का किया ऐलान
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस घटना पर दुख जताया है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- उज्जैन में एक होटल में चैंबर की सफाई के दौरान हुई दुर्घटना में चार लोगों के निधन का समाचार पीड़ादायक है. शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. राज्य शासन की तरफ से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के निर्देश हैं. बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें. ओम शांति!
उज्जैन में एक निजी होटल में चैंबर की सफाई के दौरान हुई दुर्घटना में चार लोगों के दुखद निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) November 1, 2026
जांच में जुटा प्रशासन
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि चैंबर की जहरीली गैस में दम घुटने से चार लोगों की मौत हुई है, उन्हें बचाने के लिए उतरे दो लोग भी गैस की चपेट में आए हैं जिनकी तबियत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल भेजा गया है। एसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। होटल प्रबंधन पर बिना सुरक्षा उपकरणों के कर्मचारियों कोउतारने के मामला में जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षा को लेकर अगर कोई लापरवाही हुई तो आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें: आज की बड़ी खबरें: 1 नवंबर की बड़ी सुर्खियां, देश-दुनिया में क्या-क्या हुआ?