मिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने गुरुवार को राज्य विधानसभा में नियम 110 के तहत राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने चेन्नई में एक विश्वस्तरीय तमिलनाडु ओलंपिक सिटी स्थापित करने का ऐलान किया। इसके साथ ही शहर में एक अलग मोटरस्पोर्ट्स सिटी विकसित करने की भी घोषणा की गई है, जहां भविष्य में फॉर्मूला रेसिंग सहित बड़े अंतरराष्ट्रीय मोटरस्पोर्ट्स आयोजनों की मेजबानी की जा सकेगी।

खिलाड़ियों के लिए तैयार होगी अत्याधुनिक ओलंपिक सिटी

तमिलनाडु सरकार के अनुसार, प्रस्तावित ओलंपिक सिटी का विकास तमिलनाडु स्पोर्ट्स डेवलपमेंट अथॉरिटी द्वारा किया जाएगा। इस परिसर में खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अत्याधुनिक स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा। ओलंपिक सिटी में विश्वस्तरीय खेल मैदान और एरेना, आधुनिक खेल उपकरण, हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर, स्पोर्ट्स साइंस सेंटर और स्पोर्ट्स मेडिसिन सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा खिलाड़ियों और कोचों के ठहरने के लिए आधुनिक सुविधाएं भी दिए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य इस परियोजना के जरिए एक ऐसा एकीकृत खेल केंद्र तैयार करना है, जहां खिलाड़ियों को प्रशिक्षण से लेकर फिटनेस, मेडिकल सपोर्ट और वैज्ञानिक तकनीकों तक सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकें।

ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होंगे खिलाड़ी

तमिलनाडु सरकार का मानना है कि ओलंपिक सिटी से राज्य के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी में मदद मिलेगी। इसका लक्ष्य तमिलनाडु के खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाना और ओलंपिक खेलों समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य के लिए अधिक पदक हासिल करना है। स्पोर्ट्स साइंस और स्पोर्ट्स मेडिसिन जैसी सुविधाओं के जरिए खिलाड़ियों की फिटनेस, चोट से उबरने और प्रदर्शन को वैज्ञानिक तरीके से बेहतर बनाने पर भी जोर दिया जाएगा।

चेन्नई में बनेगी मोटरस्पोर्ट्स सिटी

मुख्यमंत्री विजय ने चेन्नई में एक समर्पित मोटरस्पोर्ट्स सिटी स्थापित करने की भी घोषणा की है। इसका उद्देश्य शहर को बड़े मोटर रेसिंग आयोजनों के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। घोषणा के मुताबिक, प्रस्तावित मोटरस्पोर्ट्स सिटी में Formula 1 से लेकर Formula 4 तक की रेस आयोजित करने की क्षमता विकसित की जाएगी। इससे चेन्नई और तमिलनाडु में मोटरस्पोर्ट्स के बुनियादी ढांचे को बढ़ावा मिलने के साथ भारतीय रेसिंग प्रतिभाओं को भी बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।

भारत में F1 की वापसी की कोशिश तेज

भारत में फॉर्मूला 1 की वापसी को लेकर केंद्र सरकार की ओर से भी प्रयास किए जा रहे हैं। जून में युवा मामले और खेल मंत्रालय (MYAS) ने मोटरस्पोर्ट्स की निगरानी के लिए एक टास्क फोर्स का गठन किया था। इसका उद्देश्य देश में मोटरस्पोर्ट्स के विकास और भारत में फॉर्मूला 1 की संभावित वापसी की दिशा में काम करना है। मंत्रालय से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक, सरकार की कोशिश 2028 के अंत तक भारत में F1 रेस वापस लाने की है। टास्क फोर्स देश में मोटरस्पोर्ट्स की स्थिति और संभावनाओं का अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट मंत्रालय को सौंपेगी।

F1, MotoGP और WRC को भारत लाने पर भी चर्चा

इस साल की शुरुआत में Federation of Motor Sports Clubs of India (FMSCI) के अध्यक्ष अरिंदम घोष ने नई दिल्ली में खेल मंत्रालय के साथ बैठक में हिस्सा लिया था। इस दौरान भारत में F1, MotoGP और World Rally Championship (WRC) जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों को लाने पर चर्चा हुई थी। घोष ने बताया था कि भारत में F1 को 2030 तक वापस लाने, जबकि MotoGP और WRC के राउंड को 2028 तक देश में आयोजित कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। FMSCI के मुताबिक, बैठक में भारतीय ड्राइवरों को विकसित करने और देश में मोटरस्पोर्ट्स के समग्र विकास पर भी जोर दिया गया। संघ ने मोटरस्पोर्ट्स के विकास को लेकर अपने सुझाव अधिकारियों और संभावित हितधारकों के सामने रखे।

ये भी पढ़ें-  मोदी-पेजेशकियन की मुलाकात के बाद अमेरिका की चेतावनी, कहा- ईरान से कारोबार करने वाले देशों....

17 मोटरस्पोर्ट्स चैंपियनशिप के विजेताओं को मिला सम्मान

बेंगलुरु में आयोजित FMSCI अवॉर्ड्स नाइट में 2025 के मोटरस्पोर्ट्स नेशनल चैंपियनशिप के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में दोपहिया और चारपहिया सहित 17 अलग-अलग मोटरस्पोर्ट्स disciplines में कुल 137 ट्रॉफियां प्रदान की गईं। इस दौरान विजेता टीमों, प्रमोटर्स और प्रायोजकों को भी सम्मानित किया गया। तमिलनाडु में ओलंपिक सिटी और मोटरस्पोर्ट्स सिटी की घोषणा को राज्य के खेल और मोटरस्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। आने वाले वर्षों में इन परियोजनाओं के जरिए चेन्नई को अंतरराष्ट्रीय खेल और मोटर रेसिंग आयोजनों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की कोशिश की जा सकती है।